विदेशी कॉल करवाकर 2 करोड़ रुपए की रंगदारी, कैथल में पुलिस सुरक्षा हासिल करने के लिए ज्वैलर की साज़िश
हरियाणा के कैथल के पूंडरी क्षेत्र में ज्वैलर से दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है.

Published : July 1, 2026 at 10:26 PM IST
|Updated : July 1, 2026 at 10:50 PM IST
कैथल : हरियाणा के कैथल के पूंडरी क्षेत्र में एक ज्वैलर से 2 करोड़ रूपये की फिरौती मांगने के मामले को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.
"जान से मारने की धमकी मिली": स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि फतेहपुर पूंडरी निवासी रवि वर्मा ने पुलिस अधीक्षक कैथल को 16 जून को एक शिकायत दी थी कि उसकी पूंडरी में लवली ज्वैलर्स के नाम से दुकान है. 13 जून को उसके पास विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई और 2 करोड़ रूपये की फिरौती की मांग की गई. एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा तुरंत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को आदेश दिए गए कि जल्द से जल्द मामले को सॉल्व करके आरोपी को गिरफ्तार किया जाए.
झूठे निकले आरोप : पुलिस टीम द्वारा इस मामले में साइबर सेल की सहायता से तकनीकी एवं तथ्यात्मक जांच करवाई गई. जांच में ये सामने आया कि शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप झूठे थे. स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के एचसी अनिल कुमार, एचसी देवेंद्र कुमार और एएसआई तरसेम की टीम ने 28 जून को राजौंद क्षेत्र से आरोपी सिरसल निवासी देवेंद्र को एक अवैध देशी कट्टे सहित काबू किया. थाना राजौंद में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी को न्यायालय से 3 दिन की पुलिस रिमांड हासिल की गई थी.
पुलिस सुरक्षा हासिल करने के लिए बनाई कहानी : पूछताछ में सामने आया कि आरोपी देवेंद्र के विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट, लूट एवं हत्या जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित 11 मामले दर्ज हैं. पूछताछ के दौरान आरोपी देवेंद्र ने कबूल किया कि उसने विदेशी व्हाट्सएप नंबर से रवि के पास फिरौती की कॉल खुद रवि के कहने पर की थी, जिसके लिए रवि ने उसे पैसे दिए थे. शिकायतकर्ता रवि ने पुलिस सुरक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से झूठी कहानी बनाई थी. इस प्रकार आरोपी रवि ने पुलिस को गुमराह करने एवं सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करने का प्रयास किया. मामले में आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है.
पुलिस ने लोगों से की अपील : इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की झूठी शिकायत, फर्जी धमकी या मनगढ़ंत सूचना देकर पुलिस को गुमराह ना करें. ऐसा करना दंडनीय अपराध है. झूठी शिकायतों के कारण पुलिस का बहुमूल्य समय एवं संसाधन व्यर्थ होते हैं, जिससे वास्तविक पीड़ितों की सहायता प्रभावित होती है. यदि किसी व्यक्ति को वास्तविक रूप से किसी प्रकार की धमकी या खतरा है तो वह तुरंत पुलिस को सही एवं सत्य जानकारी उपलब्ध कराए. पुलिस प्रत्येक वास्तविक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : नूंह को CM ने दिए कई तोहफे, 16 अमृत सरोवर और जिला नागरिक अस्पताल का किया ऑनलाइन लोकार्पण
ये भी पढ़ें : 'हरियाणा में नशे की रोकथाम के लिए बनेगी ज्वाइंट टास्क फोर्स'-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
ये भी पढ़ें : तड़पते घायलों को देख मुख्यमंत्री सैनी ने फौरन रुकवाया काफिला, एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल

