रणबांकुरों की गौरव गाथा: अमिताभ, राणा और रजा मुराद की आवाजों से गूंजेगा यूपी में सेना का थिएटर
लखनऊ के सूर्या थिएटर में रणबांकुरों की वीरता का 32 मिनट का शो होगा. स्क्रिप्ट उत्पल भोज पुजारी और कर्नल एबी ने तैयार की है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 10:46 AM IST
लखनऊ: मध्य कमान लखनऊ में वीर शहीदों की याद में मेमोरियल का निर्माण कराया गया. इस मेमोरियल में दशकों पूर्व हुए युद्धों से लेकर करगिल युद्ध में भारत के वीर जवानों की गौरव गाथा दर्ज की गई है. यहां पर लोग आकर अपने रणबांकुरों की वीरता के बारे में पढ़ सकते हैं. अब आने वाले दिनों में वह वीर जवानों की वीरता स्क्रीन पर लाइट एंड साउंड शो के जरिए देख भी सकेंगे.
मध्य कमान स्थित सूर्या परिसर में देश का सबसे बेहतरीन साउंड सिस्टम से लैस थिएटर तैयार हो रहा है. भारत-चीन युद्ध, भारत-पाकिस्तान 1971 का युद्ध और 1999 में हुए भारत-पाकिस्तान के बीच हुए कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के शूरवीरों की वीरता का लेजर शो होगा. 50 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी.
थिएटर में जो शो चलेगा, उसमें महानायक अमिताभ बच्चन, बेहतरीन अभिनेता आशुतोष राणा और रजा मुराद की आवाज गूंजेगी. सेना के पराक्रम को स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा, तो वॉयस ओवर इन महान अभिनेताओं का होगा. असम के स्क्रिप्ट राइटर उत्पल भोज पुजारी और मध्य कमान में तैनात कर्नल अभिषेक ने इसकी पूरी स्क्रिप्ट तैयार की है. 32 मिनट का शो होगा.

मध्य कमान के इस लाइट एंड साउंड शो के लिए करीब 32 मिनट के इस शो की पटकथा तैयार हो चुकी है, जिसे चार पार्ट्स में डिवाइड किया गया है.
एक भाग पूरी तरह परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज पांडेय के जीवन और कारगिल युद्ध में उनके अद्वितीय पराक्रम पर केंद्रित रहेगा. अन्य हिस्सों में वार मेमोरियल का परिचय, उत्तर प्रदेश के वीर शहीदों का योगदान और सेना के मॉडर्नाइजेशन को दर्शाया जाएगा.

अभिनेता अमिताभ बच्चन, आशुतोष राणा और रजा मुराद का इस शो में जोशीला वॉयस ओवर होगा.
परिसर में अत्याधुनिक साउंड सिस्टम से लैस थिएटर तैयार किया जा रहा है, जहां 200 दर्शक बैठकर शो देख सकेंगे. भारत-चीन युद्ध, भारत-पाक युद्धों व कारगिल संघर्ष से जुड़े शौर्य प्रसंगों को दृश्य-श्रव्य माध्यम से पेश किया जाएगा.

शो को मार्च में शुरू किए जाने की संभावना है. दर्शक लेजर शो का लुत्फ उठा सकेंगे. कुछ माह पहले ही आम लोगों के लिए खोले गए मेमोरियल में प्रतिदिन शाम को दर्शक शहीदों के योगदान के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं.

वॉर मेमोरियल में 21 परमवीर चक्र विजेताओं और तीन अशोक चक्र विजेताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं. लोग इनके शौर्य और पराक्रम के बारे में पढ़ते हैं. सेना से जुड़े अधिकारी बताते हैं कि चूंकि यह मेमोरियल है और परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव अभी जीवित हैं, इसलिए उन्हें मेमोरियल में चलने वाले लाइट एंड साउंड और लेजर शो में शामिल नहीं किया गया है.

परमवीर चक्र विजेता मनोज पांडेय के शौर्य और पराक्रम को विशेष तौर पर प्रदर्शित किया जाएगा.
इन रणबांकुरों की स्थापित हैं प्रतिमाएं
मध्य कमान वार मेमोरियल में 21 परमवीर चक्र विजेताओं की प्रतिमा लगी है. उनमें मेजर सोमनाथ शर्मा, नायक जदुनाथ सिंह, सेकंड लेफ्टिनेंट राम राघोबा राणे, कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह, हवलदार अब्दुल हमीद, मेजर धन सिंह थापा, सूबेदार जोगिंदर सिंह लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल, मेजर शैतान सिंह, नायक करम सिंह, फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों, मेजर होशियार सिंह, लांस नायक अल्बर्ट एक्का, ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव, राइफलमैन संजय कुमार, कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन मनोज पांडेय, सूबेदार मेजर (मानद कैप्टन) बाना सिंह, हवलदार भैरों सिंह और सूबेदार संदीप उन्नीकृष्णन.
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह बताते हैं कि वीर शहीदों के शौर्य दर्शकों को लाइट एंड साउंड शो के जरिए देखने को मिले इसके लिए मध्य कमान स्थित बार मेमोरियल में थिएटर का निर्माण कराया जा रहा है. ये लगभग बनकर तैयार हो गया है. अभी तक हुए युद्ध में सेना के वीर जवानों की शौर्य गाथा से लोगों को रूबरू कराया जाएगा. जो शो चलेगा उसमें अभिनेता अमिताभ बच्चन, आशुतोष राणा और रजा मुराद ने अपनी आवाज दी है.
ये भी पढ़ें - यूपी STF को मिली बड़ी सफलता; सेना में भर्ती के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार, लखनऊ में दबोचा

