ETV Bharat / state

चमोली नंदानगर में खाई में गिरी कार, सेना के जवान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

सेना के जवान की पहचान संदीप गौड़े के रूप में हुई है. संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे.

CHAMOLI NANDANAGAR ACCIDENT
चमोली नंदानगर एक्सीडेंट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 20, 2026 at 4:57 PM IST

|

Updated : August 20, 2026 at 5:11 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चमोली: विकासखंड नंदानगर के कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर चंचोली गधेरे के पास देर रात एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में कार सवार भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात जवान संदीप गौड़ (निवासी कुरूड़ गांव) की मौत हो गई. देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा, बारिश और खराब मौसम के कारण दुर्घटना का पता नहीं चल सका.

जानकारी के अनुसार संदीप गौड़ बुधवार देर रात करीब दो बजे लुंतरा गांव की ओर से कार से अपने घर कुरूड़ लौट रहे थे. चंचोली गधेरे के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद ग्रामीणों के साथ उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन रात के अंधेरे और बारिश के कारण कार का पता नहीं चल पाया.

गुरुवार सुबह सड़क के नीचे कार की नंबर प्लेट दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद खाई में तलाश करने पर दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई दी. सूचना मिलने पर नंदानगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू अभियान चलाकर जवान के शव को खाई से बाहर निकाला गया.
रेस्क्यू के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर ले जाया गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर में आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पंचनामा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर भेज दिया गया.

बताया गया कि संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे. इन दिनों वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे. वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था. परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है. जवान की असमय मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर देर रात का अंधेरा, बारिश और सड़क पर फिसलन हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है.

पढे़ं- मंदिर से लौट रही महिला को हाइड्रा क्रेन ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, चालक फरार

पढे़ं- नैनीताल में बड़ा हादसा, दिल्ली-राजस्थान के पर्यटकों से भरी थार गहरी खाई में गिरी

Last Updated : August 20, 2026 at 5:11 PM IST