जयपुर में पहली बार आर्मी डे परेड, वीरों की धरती पर झलकेगा सेना का शौर्य, ऑपेरशन सिंदूर की दिखेगी झलक
15 जनवरी को होने वाली आर्मी डे परेड को लेकर आज से रिहर्सल शुरू.

Published : January 1, 2026 at 1:37 PM IST
जयपुर : त्याग और वीरता की धरती राजस्थान में पहली बार आर्मी डे परेड का आयोजन होने जा रहा है. राजधानी जयपुर 15 को भारतीय सेना शौर्य और अदम्य सहस का साक्षी बनने जा रही है. इस मौके पर ऑपेरशन सिंदूर की प्रेरणादायक गाथा भी लोगों को देखने को मिलेगी. इसके साथ ही भारतीय सेना की अद्वितीय उपलब्धियां, राजस्थान की वीरता की परंपरा व समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र गौरव की गूंज एक नई ऊर्जा के साथ गूंजेगी. आर्मी डे परेड की रिहर्सल आज से जयपुर में महल रोड पर शुरू हो गई है. इसे लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
यातायात को किया गया है डायवर्ट : जयपुर कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि आर्मी डे परेड की रिहर्सल आज से शुरू हो गई है. वहीं, 15 जनवरी को आर्मी डे के मौके पर फाइनल परेड होगी. इसके तहत 9 जनवरी, 11 जनवरी और 13 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी. यह आयोजन जगतपुरा स्थित महल रोड पर हो रहा है. ऐसे में महल रोड 1 जनवरी से 15 जनवरी तक सुबह 5 से दोपहर 1 बजे तक ब्लॉक की जाएगी. इस रोड से निकलने वाले वाहनों को सामानांतर मार्गों से निकाला जाएगा.
इसे भी पढ़ें: साल 2026 में प्रदेश को नशामुक्त बनाने का संकल्प, डीजीपी बोले- युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर करना जिम्मेदारी
जयपुर में पहली बार हो रहा आयोजन : उन्होंने बताया महल रोड पर एनआईआर चौराहे से लेकर बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा तक रास्ता ब्लॉक रहेगा. एनईआर चौराहे से रूट डायवर्ट किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा आयोजन है. पहली बार आर्मी डे परेड का आयोजन सैन्य छावनी से बाहर जयपुर में हो रहा है. यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है. इसके साथ ही मुख्य कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.
पतंगबाजी पर रहेगी रोक : वहीं, अतिरिक्त कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार ने आर्मी डे परेड के रिहर्सल के मद्देनजर पतंगबाजी को लेकर प्रतिबंध लागू किए हैं. उन्होंने बताया कि 2 जनवरी 2026 से 14 जनवरी 2026 तक दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पतंगबाजी पर रोक रहेगी. उन्होंने कहा, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत महल रोड, हरेकृष्णा मार्ग, जगतपुरा में पांच किलोमीटर के दायरे में पतंग उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा. रिहर्सल के दौरान फाइटर प्लेन कम ऊंचाई पर उड़ेंगे. इसलिए यह प्रतिबंध लागू किए गए हैं.

इसे भी पढ़ें: राजस्थान में इन पुलिस निरीक्षकों को मिला पदोन्नति का तोहफा
इन मार्गों पर डायवर्ट होगा ट्रैफिक :-
- एनआईआर चौराहे से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा तक ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा. सामानांतर रास्तों से ट्रैफिक निकाला जाएगा.
- खाटूश्याम सर्किल से एनआईआर चौराहा, अक्षय पात्र की तरफ जाने वाले वाहन हल्दीघाटी मार्ग वीईटी रोड से गुजरेंगे.
- विधानी चौराहा की तरफ से बॉम्बे हॉस्पिटल, अक्षय पात्र की ओर जाने वाले वाहन केंद्रीय विहार मार्ग पर डायवर्ट होंगे.
- राणा सांगा मार्ग से अक्षय पात्र चौराहा की तरफ जाने वाले वाहन गौतम बुद्ध सर्किल से डायवर्ट होंगे.
- गोनेर रोड से अक्षय पात्र चौराहा, महल रोड जाने वाले ट्रैफिक को डी मार्ट सर्किल से डायवर्ट किया जाएगा.
- एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा तक महल रोड पर खुलने वाले आवासीय कॉलोनी के गेट से कोई वाहन नहीं आ पाएगा.
- कार्यक्रम में आने वाले लोग अपने वाहन हल्दीघाटी मार्ग और राणा सांगा मार्ग में निर्धारित स्थल पर पार्क कर सकेंगे.

