ETV Bharat / state

सेना दिवस परेड-2026 : फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखा भारतीय सेना का शौर्य, साहस और स्वाभिमान

सेवा दिवस परेड की शुक्रवार को जयपुर में फुल ड्रेस रिहर्सल हुई.

Army Day Parade  2026
सेना दिवस परेड-2026 की फुल ड्रेस रिहर्सल (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 9, 2026 at 8:43 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी जयपुर में बार आर्मी एरिया से बाहर आयोजित हो रही सेना दिवस परेड-2026 को लेकर जबरदस्त तैयारी देखने को मिल रही है. शुक्रवार को जगतपुरा स्थित महल रोड पर आयोजित पहली फुल ड्रेस रिहर्सल में भारतीय सेना के साहस, पराक्रम और अनुशासन का जीवंत प्रदर्शन हुआ. यह फुल ड्रेस रिहर्सल मातृशक्ति को समर्पित रही, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाएं, युवा, विद्यार्थी और आम नागरिक शामिल हुए.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर सामान्य प्रशासन, पुलिस, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं. कार्यक्रम के तहत 11 और 13 जनवरी को दूसरी और तीसरी फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जबकि 15 जनवरी को सेना दिवस की मुख्य परेड होगी. दिल्ली से बाहर सेना दिवस परेड की मेजबानी करने वाला जयपुर, बेंगलुरु, लखनऊ और पुणे के बाद देश का चौथा शहर है. सेना दिवस परेड को आमजन से जोड़ने का यह प्रयास राष्ट्रभक्ति और नागरिक-सैन्य समन्वय का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है.

फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखा भारतीय सेना का शौर्य... (ETV Bharat Jaipur)

देशभक्ति के रंग में रंगी फुल ड्रेस रिहर्सल : फुल ड्रेस रिहर्सल से पहले सेना के बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति ने पूरे माहौल को जोश और गर्व से भर दिया. इसके बाद अशोक चक्र, परमवीर चक्र और महावीर चक्र से सम्मानित गैलेंट्री अवॉर्ड विजेता अधिकारियों ने परेड कमांडर को सलामी दी. इनके नेतृत्व में आर्मी बैंड और घुड़सवार टुकड़ियां अनुशासित कदमताल के साथ आगे बढ़ीं, जिसे देखकर दर्शकों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया.

पढे़ं : जयपुर में तैयार क्रूशना और जेना बने भारतीय सेना का सपोर्ट सिस्टम, UGV कई मोर्चों पर कारगर

रिहर्सल के दौरान भारतीय सेना की आधुनिक मिसाइलें, मशीनगन, टैंक और सैन्य वाहन आकर्षण का केंद्र रहे. ऑपरेशन सिंदूर की विशेष झांकी में ब्रह्मोस मिसाइल और अत्याधुनिक रोबोटिक डॉग्स का प्रदर्शन किया गया. हाई-रेजोल्यूशन कैमरों से लैस ये रोबोटिक डॉग्स आधुनिक युद्ध और निगरानी क्षमताओं का सशक्त उदाहरण बने.

Army Day Parade  2026
मोटरसाइकिल पर हैरतअंगेज करतब (ETV Bharat Jaipur)

एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल टुकड़ी ने दुश्मन के टैंकों को नष्ट करने की क्षमता का प्रदर्शन किया. वहीं, एंटी एयर मिसाइल सिस्टम, जो 155 राउंड फायर करने में सक्षम है और हेलिकॉप्टर से भी संचालित किया जा सकता है, ने अपनी ताकत दिखाई. इसके साथ ही 4 हजार मीटर तक उड़ान भरने में सक्षम अत्याधुनिक ड्रोन ने आधुनिक युद्ध तकनीक की झलक पेश की.

पढ़ें : Know Your Army : शौर्य-तकनीक और ऑपरेशन की रणनीति, ऐसा नजारा देख कांप जाएगा दुश्मन

भैरव बटालियन बनी आकर्षण का केंद्र : सेना दिवस परेड में पहली बार भैरव बटालियन ने अपनी आधुनिक युद्ध क्षमता का प्रदर्शन किया. जनवरी 2026 में गठित यह नई स्पेशल फोर्स ड्रोन आधारित ऑपरेशंस के लिए तैयार की गई है, जिसमें एक लाख से अधिक प्रशिक्षित ड्रोन ऑपरेटर शामिल हैं. यह यूनिट हाइब्रिड और मल्टी-डोमेन चुनौतियों से निपटने में पूरी तरह सक्षम मानी जा रही है.

Army Day Parade  2026
भारतीय सेना की आधुनिक मिसाइलें (ETV Bharat Jaipur)

ऑल-टेरेन व्हीकल्स ने पानी, रेगिस्तान और पथरीले इलाकों में संचालन क्षमता का प्रदर्शन किया. इनका उपयोग सैन्य अभियानों के साथ-साथ आपदा राहत और खोज एवं बचाव कार्यों में भी किया जाता है. मॉड्यूलर ब्रिज के जरिए कम समय में मार्ग निर्माण की क्षमता को भी रिहर्सल में दिखाया गया.

डॉग स्क्वॉड और बाइक स्टंट्स ने बढ़ाया रोमांच : फुल ड्रेस रिहर्सल में मुधोल हाउंड, रामपुर हाउंड, चिप्पिपराई, कोम्बई और राजपालयम जैसी स्वदेशी नस्लों के डॉग्स ने अभ्यास किया. खास तौर पर चश्मा पहने मुधोल हाउंड ने अपनी चुस्ती और फुर्ती से दर्शकों को हैरान कर दिया. इसके अलावा सेना के जवानों ने मोटरसाइकिल पर हैरतअंगेज करतब दिखाए. पिरामिड निर्माण, एक टायर पर बाइक दौड़ाना और अशोक स्तंभ व कमल जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों का प्रदर्शन कर जवानों ने दर्शकों को रोमांचित किया.

सेना दिवस परेड के सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं. सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सेवाएं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है. महिला और दिव्यांग दर्शकों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है.