'5 पिस्टल, 5 कारतूस और 10 मैगजीन', बिहार में युवक के पास मिला हथियारों का जखीरा, पुलिस के उड़े होश
मोतिहारी के रघुनाथपुर में हथियारों की बड़ी खेप बरामद की गई है. एक तस्कर गिरफ्तार हुआ है. रिपोर्ट- रोहित राज

Published : August 20, 2026 at 2:20 PM IST
मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने हथियारों की अवैध सप्लाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मजुराहां फायरिंग रेंज के पास भारी मात्रा में हथियारों की सप्लाई करने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की.
मजुराहां फायरिंग रेंज के पास छापेमारी : गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मजुराहां फायरिंग रेंज के आसपास घेराबंदी कर छापेमारी की. इसी दौरान झोला लेकर संदिग्ध अवस्था में जा रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम मो. अहमद (पिता नूर मोहम्मद, निवासी मुस्तफापुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर) बताया.
5 पिस्टल, 5 कारतूस और 10 मैगजीन बरामद : पुलिस ने जब उसके पास मौजूद झोले की तलाशी ली तो उसके अंदर से हथियारों की खेप बरामद हुई. बरामद सामान में 5 पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन शामिल हैं. हथियारों की इतनी बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है.
''पुलिस को हथियारों की सप्लाई किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित की गई और निर्धारित स्थान पर छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है.''- दिलीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, मोतिहारी
सप्लाई नेटवर्क तोड़ने की कोशिश : कार्रवाई की जानकारी देते दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किस व्यक्ति या गिरोह को सप्लाई किया जाना था. साथ ही आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस को आशंका है कि इस मामले में हथियारों की अवैध सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस का कहना है कि हथियारों की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है और मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें :-
मुंगेर में STF का बड़ा एक्शन: तीन हथियार तस्कर गिरफ्तार, पिस्टल, कारतूस और 4.5 लाख कैश बरामद
मुर्गी फार्म पहुंची पुलिस तो उड़ गए होश, टंकी में पानी के बजाय मिला ये सामान

