यूपी के मेरठ से हथियारों का डीलर बंटी सिंह अरेस्ट, कैब ड्राइवर शूटिंग केस में रेवाड़ी पुलिस ने किया गिरफ्तार
हरियाणा के रेवाड़ी में कैब ड्राइवर को गोली मारने के केस में पुलिस ने आरोपियों को हथियार बेचने वाले बंटी सिंह को अरेस्ट किया है.

Published : December 20, 2025 at 10:26 PM IST
रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीपुर चौक के पास कैब ड्राइवर को गोली मारकर उसकी टैक्सी, 20 हजार रुपये की नगदी लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपियों को हथियार बेचने वाले यूपी के मेरठ निवासी बंटी सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस दो मुख्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
कैब ड्राइवर को मारी थी गोली : यूपी के अलीगढ़ के संजय कुमार ने शिकायत में कहा था कि उसने ओला की फ्रेंचाइचीज ली हुई है. वो गुरूग्राम और दिल्ली में टैक्सी चलाता है. 15 दिसंबर की रात 1 बजे उसकी कैब फोन से बुक की गई थी. वो दो युवकों को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से बैठाकर जयपुर के लिए चला था. जब टैक्सी बनीपुर चौक के पास पहुंची तो पीछे बैठे युवकों ने पेशाब करने के बहाने गाड़ी रुकवा ली. उनमें से एक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगा दी. विरोध करने पर उसके दाहिने पैर में गोली मार दी गई, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद आरोपी उसे बंधकर बनाकर उसकी टैक्सी चलाने लगे. इसके बाद रेवाड़ी के सरकुलर रोड पर एक अस्पताल के पास उसे फेंककर 20 हजार रुपये की नगदी छीनी और उसकी टैक्सी लेकर फरार हो गए.
मेरठ निवासी बंटी अरेस्ट : पुलिस ने लूट, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों राजस्थान के अजमेर के रहने वाले देवांशु और यूपी के आजमगढ़ के शुभम वर्मा को चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया था. ये दोनों पढ़े लिखे हैं और पीएचडी और नेट की तैयारी कर रहे थे. इनके पास से पुलिस ने लूटी हुई टैक्सी, दो पिस्तौल, 89 जिंदा कारतूस, 3 मैगजीन, 4 मोबाइल फोन, सिमकार्ड, 1 वेव ब्लॉकर (जैमर) और जीपीएस डिटेक्टर बरामद किए थे. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिस्टल, मैगजीन, 5 सिमकार्ड व जिंदा कारतूस यूपी के बंटी से खरीद कर लाए थे जिसके बाद पुलिस ने यूपी के मेरठ निवासी बंटी को अरेस्ट कर लिया और अदालत में उसे पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर ले लिया है.
हथियार मुहैया कराए थे : सीआईए इंचार्ज सुमेर सिंह ने बताया कि कैब चालक को गोली मारकर लूटपाट करने के मामले में 2 लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया था. इसी मामले में हथियार उपलब्ध करवाने वाले मेरठ के रहने वाले युवक को काबू किया है जिससे पूछताछ जारी है. हथियार उपलब्ध कराने वाले को कोर्ट में पेश कर चार दिन की रिमांड पर लिया है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - रेवाड़ी में बिहार की 10 माह की बच्ची के साथ हैवानियत, यूपी के आरोपी ने किया दुष्कर्म
ये भी पढ़ें - रेवाड़ी में PHD और NET के छात्रों ने कैब ड्राइवर को मारी गोली, जैमर-GPS डिटेक्टर मिलने से पुलिस के उड़े होश
ये भी पढ़ें - दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कैब चालक पर फायरिंग, गोली मारकर कार और नकदी ले भागे बदमाश

