ETV Bharat / state

फरीदाबाद में हथियारबंद बदमाशों का आतंक, परिवार को बंधक बनाकर लाखों की कर डाली लूट

फरीदाबाद में बल्लभगढ़ के गांव मोहना में हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपए के गहने लूट लिए.

Loot in Ballabhgarh
फरीदाबाद में हथियारबंद बदमाशों का आतंक (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : March 1, 2026 at 7:43 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबादः बल्लभगढ़ के गांव मोहना में शनिवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक परिवार को बंदूक की नोंक पर बंधक बनाकर लाखों रुपये के गहने और नगदी लूट ली. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर छांयसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

पूरी तैयारी के साथ आये थे बदमाशः पीड़ित प्रवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि "वो अपनी पत्नी के साथ पहली मंजिल पर अपने कमरे में सो रहे थे, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर उनके पिता वीरपाल और मां कृष्णा अपने कमरे में सोए हुए थे. रात करीब दो बजे चार नकाबपोश बदमाश घर के मुख्य दरवाजे पर लगा शीशा हटाकर अंदर घुस आए. बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे. एक के हाथ में बंदूक थी, दो के पास लोहे की रॉड और एक के हाथ में पाइप था."

जेवरात और नकद लूटकर ले गएः घर में घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले नीचे सो रहे वीरपाल और कृष्णा को बंदूक दिखाकर बंधक बना लिया. आरोपियों ने उनके कमरे में रखी अलमारियां, बेड और दराजों को खंगालना शुरू कर दिया. बदमाश सोने की चेन, अंगूठी, चांदी के सिक्के और करीब आठ हजार रुपये नकद लूटकर ले गए. इसके बाद उन्होंने कृष्णा के कानों से कुंडल भी उतरवा लिए.

मकान मालिक के कमरे को बाहर से किया बंदः उधर, पहली मंजिल पर सो रही प्रवीन की पत्नी को कुछ आवाजें सुनाई दीं. जब प्रवीन ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की तो पाया कि दरवाजा बाहर से बंद था. उन्होंने एसी के पास लगे गत्ते को हटाकर हाथ डालकर किसी तरह अंदर की कुंडी खोली और पत्नी के साथ बाहर निकले. बाहर झांककर देखा तो एक नकाबपोश बदमाश उनके माता-पिता के कमरे के बाहर खड़ा था.

बदमाशों ने की फायरिंगः प्रवीन ने हिम्मत दिखाते हुए ऊपर से गमला उठाकर बदमाश पर फेंक दिया, जो उसके कंधे पर जा लगा. जैसे ही प्रवीन नीचे पहुंचे, बदमाशों ने उनकी ओर फायरिंग कर दी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर के बाहर खड़ी अपनी बाइक और स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए. बताया गया है कि घर में घुसने से पहले बदमाशों ने सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके.

क्या बोले थाना प्रभारीः छांयसा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि "शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा."

ये भी पढ़ें-फरीदाबाद के सिगरेट गोदाम में डकैती, 90 लाख रुपए की ब्रांडेड सिगरेट लेकर बदमाश फरार