ETV Bharat / state

अर्जुन शर्मा हत्याकांड: कत्ल की आरोपी मां ने की बेटे के कर्मकांड में शामिल होने की गुजारिश, कोर्ट से मिली अनुमति

देहरादून अर्जुन शर्मा हत्या मामले में आरोपी मां बीना शर्मा ने कर्मकांड क्रिया में शामिल होने के लिए कोर्ट में अपील की.

Arjun Sharma murder case
आरोपी मां ने कोर्ट से की मार्मिक अपील (PHOTO-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 21, 2026 at 7:16 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड में इस फरवरी माह में हत्या की घटनाओं का ग्राफ बढ़ा है. सबसे ज्यादा घटनाएं देहरादून में रिकॉर्ड की गईं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा देहरादून के अर्जुन शर्मा हत्याकांड की रही. क्योंकि हत्या की साजिश में मृतक अर्जुन शर्मा की मां भी शामिल हैं. इस हत्याकांड ने मां और बेटे के रिश्ते की पवित्रता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब इस मामले में नया मोड़ सामने आया है. अर्जुन शर्मा की मां ने कोर्ट में एक अपील दायर की है और यह अपील हैरान कर देने वाली है.

ये है मामला: दरअसल, 11 फरवरी को देहरादून के तिब्बती मार्केट के पास हमलावरों ने एक गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी. शुरुआती दौर में इसे एक सामान्य आपराधिक घटना माना गया. लेकिन जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ी, परतें खुलती चली गईं. सच सामने आया तो हर कोई हैरान हो गया. इस हत्याकांड में संदेह की सुई अर्जुन की मां के इर्द-गिर्द घूम रही थी. अर्जुन के पिता एक सेवानिवृत्त अधिकारी बताए जाते हैं, जिन्होंने वर्षों की सेवा के बाद परिवार को एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन दिया. परिवार के पास गैस एजेंसी का व्यवसाय और संपत्ति का काम भी था. बाहरी दुनिया के लिए यह अर्जुन का सुसंस्कृत और संपन्न परिवार था. मां बाप ने ही मिलकर अर्जुन की शादी करवाई.

लेकिन कहा जाता है न कि चमकते घरों की दीवारों के भीतर भी दरारें होती हैं, जो बाहर से दिखाई नहीं देती. जांच में सामने आया कि संपत्ति और पैसों को लेकर परिवार के भीतर तनाव गहराता जा रहा था. रुपयों और संपत्ति को लेकर पनपा विवाद इतना भयावह रूप ले लेगा, यह किसी ने नहीं सोचा था.

पुलिस के खुलासे ने पूरे प्रदेश को हिला दिया: आरोप है कि अर्जुन की मां बीना शर्मा ने ही किराए के शूटरों के जरिए इस वारदात को अंजाम दिलाया था. जब तथ्य सामने आए तो लोगों की आंखों में अविश्वास था. उस दौरान देहरादून एसएसपी रहे अजय सिंह ने बताया था कि, जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वित्तीय लेन देन और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी गईं. पुलिस के अनुसार यह हत्या पूर्व नियोजित थी. वारदात को अंजाम देने के लिए बाहरी लोगों की मदद ली गई. पुलिस का कहना था कि आर्थिक हित और संपत्ति विवाद इस अपराध की जड़ था. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में ठोस सबूत जुटाए गए.

सामने आया भावनात्मक मोड़: अब इस हत्याकांड में भावनात्मक मोड़ सामने आया है. अदालत में पेशी के दौरान आरोपी मां ने अपने बेटे के अंतिम संस्कार के बाद होने वाले कर्मकांड में शामिल होने की अनुमति मांगी. 18 फरवरी को अर्जुन शर्मा की हत्या आरोपी मां ने हाईकोर्ट के सामने दलील दी कि चाहे उस पर कितने भी आरोप हों, लेकिन वह एक मां है और अपने बेटे को अंतिम विदाई देना चाहती है. यह दृश्य अपने आप में विडंबनापूर्ण था. जिस पर बेटे की हत्या का आरोप है, वही मां अब बेटे को अंतिम विदाई देने के लिए की मदद की गुहार लगा रही है.

ऐसे में मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट ने 21 फरवरी शनिवार को सीमित अवधि के लिए पुलिस अभिरक्षा में अंतिम संस्कार से जुड़े कर्मकांड में शामिल होने की अनुमति दी है. न्यायमूर्ति आशीष नैथानी ने स्पष्ट किया कि, यह राहत किसी प्रकार की नियमित जमानत नहीं है, बल्कि केवल मानवीय आधार पर दी गई अस्थायी अनुमति है. न्यायालय ने यह भी निर्देश दिया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और आरोपी को कर्मकांड कार्य संपन्न होने के तुरंत बाद फिर से न्यायिक हिरासत में भेजा जाए.

देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल का कहना है कि,

कोर्ट ने जो भी निर्देश दिए हैं. उनका पालन करवाया जा रहा है. चूंकि महिला मुख्य आरोपी है लिहाजा, पूरी सुरक्षा के बीच ही सभी कार्य किए जाएंगे. जैसे ही कार्य संपन्न होंगे, दोबारा से महिला को अभिरक्षा में भेजा जाएगा.
- प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी, देहरादून -

पुलिस का कहना है कि केस काफी मजबूत है और सभी साक्ष्य पुलिस के पास हैं. अभी और पूछताछ और बयान लिए जा रहे हैं. गौर है इस हत्याकांड में आरोपी मां बीना शर्मा, बिना शर्मा के मित्र विनोद उनियाल, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष अजय खन्ना, शूटर पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया है.

ये भी पढ़ें: