'ई जो लड़की है..' बिहार विधान परिषद में CM नीतीश और राबड़ी देवी में तीखी नोकझोंक
बिहार विधान परिषद में नीतीश कुमार और राबड़ी देवी में तीखी नोकझोंक हुई है. भड़कते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'ई जो लड़की है..'

Published : February 9, 2026 at 1:24 PM IST
पटना: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज पांचवां दिन है. आज विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबोधन के दौरान विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर जोरदार हंगामा किया. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के साथ सीएम की बहस हो गई. दोनों के बीच जारी नोकझोंक को देखते हुए सभापति ने सदन की कार्यवाही को दोपहर ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.
राबड़ी देवी-नीतीश कुमार में नोकझोंक: असल में मुख्यमंत्री जब सदन में बोल रहे थे, तभी विपक्षी सदस्य वेल में आ गए. दरभंगा और खगड़िया में बच्चियों के साथ हुए दुष्कर्म पर विपक्ष नीतीश कुमार से जवाब मांग रहा था. इसी को लेकर राबड़ी देवी भी लगातार सवाल पूछ रही थीं, जिस पर सीएम भड़क गए.
राबड़ी देवी पर भड़के सीएम नीतीश: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी और अन्य विपक्षी सदस्यों पर भड़कते हुए कहा, 'ई लड़की है.. ई तीन गो ज्यादा हल्ला कर रही है, तुमलोगों ने कुछ काम किया था.' इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उप सभापति से हंगामा करने वालों विपक्षी विधान पार्षदों पर कार्रवाई की मांग की.
क्या बोले सीएम?: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जब विपक्ष की सरकार थी, तब तो इन लोगों ने कुछ काम नहीं किया. वहीं अब जब हमारी सरकार लगातार काम कर रही है तो ये लोग अड़ंगा डाल रहे हैं.
"ये लोग जो थे पहले तो कोई काम किया है? जब हमलोगों की सरकार आई है 2005 में तब एक-एक चीज को देख लिया. हर चीज को जानते हैं. ये कोई काम की है. ये लड़की है. इसके जो वो (पति) हट गए कुछ दिन बाद तो इसी को बना दिए. ये लोग कोई काम की है."- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

'बिहार के गृह मंत्री इस्तीफा दें': वहीं सदन से बाहर निकलकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए. साथ ही गृहमंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफा मांग. राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि जब से सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय की जिम्मेवारी मिली है, तब से राज्य में आपराधिक घटनाएं बढ़ गई है. ऐसे में हमारी मांग है कि वह पद से इस्तीफा दें.
"गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि घटना होगी तो इस्तीफा देंगे. हजारों घटनाएं हो गईं, तुरंत इस्तीफा दें. वह जब से गृहमंत्री बने हैं, तब से बिहार में पहले भी ज्यादा क्राइम होने लगा है."- राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद
सुनील सिंह का बड़ा आरोप: इस दौरान विपक्षी सदस्यों ने हाथों में तख्तियां लगाए सरकार और गृहमंत्री के खिलाफ लगातार नारे लगाते रहे. आरजेडी एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने ये भी आरोप लगया कि सदन के अंदर जब मुख्यमंत्री बोल रहे थे, तभी उनका माइक बंद कर दिया गया था. हमलोग जानना चाहते हैं कि किसके इशारे पर माइक बंद हुआ?
अशोक चौधरी और राबड़ी देवी में बहस: सदन की कार्यवाही जब ढाई बजे के बाद शुरू हुई तो एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए. अशोक चौधरी ने कहा कि जनता ने क्या हाल किया है आपलोगों का? राजद को पच्चीस सीट दिया है. इस पर राबड़ी देने ने कहा कि देशभर के लोग जानते हैं कि आपलोग वोट चोरी से जीते हैं. इस पर जेडीयू के नीरज कुमार ने भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अगर वोट चोरी हुई है तो आपका बेटा यानी तेजस्वी यादव भी वोट चोरी से ही जीते हैं.
ये भी पढ़ें:
'नीट छात्रा मौत मामले में रसूखदार मंत्री या उनके परिवार का हाथ', राबड़ी देवी का संगीन आरोप
'आपका समय है, हमारा दौर आएगा', तेजस्वी का नीतीश सरकार पर हमला- हर मापदंड पर बिहार फिसड्डी

