एरिया डोमिनेशन: जयपुर रेंज में 48 घंटे में 1024 बदमाश गिरफ्तार, संपत्ति जब्त होगी
आईजी एचजीआर सुहासा की मॉनिटरिंग में 1750 जवानों ने 1120 ठिकानों पर दी दबिश

Published : December 10, 2025 at 11:58 AM IST
जयपुर : जयपुर रेंज के जिलों में एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई कर पुलिस ने 48 घंटे में 1024 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. इस अभियान के तहत पुलिस के 1750 जवानों ने 1120 ठिकानों पर दबिश दी. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर रेंज के जिलों में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के मकसद से 8 और 9 दिसंबर को दो दिन तक पुलिस ने कार्रवाई की है. जयपुर रेंज आईजी एचजीआर सुहासा के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में हार्डकोर अपराधियों, गैंगस्टर्स और जघन्य अपराधों में वांछित चल रहे अपराधियों पर शिकंजा कसा गया.
आईजी सुहासा ने कहा कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध साधनों से अर्जित अपराधियों की संपत्ति पर 107 बीएनएसएस के तहत कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में रेंज के सभी एसपी को शामिल किया गया था. पुलिस ने 1750 अधिकारियों और जवानों की कुल 425 टीमें गठित कीं, जिन्होंने जयपुर संभाग के 1120 स्थानों पर एक साथ दबिश दी. वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद टीमों को ब्रीफ कर रवाना किया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी वांछित अपराधी बच न सके. उनका कहना है कि पुलिस की इस व्यापक रणनीति का परिणाम प्रभावशाली रहा है. दो दिनों के भीतर, सभी जिलों से स्थाई वारंटी, इनामी अपराधी, आर्म्स एक्ट के आदतन अपराधी और सामान्य अपराधों में वांछित चल रहे कुल 1024 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. इसमें 454 व्यक्तियों को शांति भंग के तहत गिरफ्तार किया गया.
पढे़ं. जोधपुर में 50 हजार के इनामी बदमाश गिरफ्तार, गैंगस्टर की हत्या का था प्लान, श्मशान में भी रहा
अलवर में हुई 221 गिरफ्तारियां : उन्होंने बताया कि अलवर जिला पुलिस ने इस अभियान में सर्वाधिक अपराधी पकड़े. अलवर में 221 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया. इनमें सात इनामी अपराधी और हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं. जयपुर ग्रामीण जिले में दस हजार रुपए के इनामी अपराधी शंकर लाल उर्फ राजेन्द्र बावरिया समेत 8 इनामी अपराधी और हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार हुए. सीकर जिले में ने कुल 165 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया. इनमें दस हजार रुपए का इनामी बदमाश गजराज भवरिया भी शामिल है.
इनामी और हिस्ट्रीशीटरों पर कसा शिकंजा : झुंझुनू में दस हजार रुपए के इनामी बदमाश विक्रम सिंह उर्फ सोनू राजपूत समेत तीन इनामी-हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया गया. कुल 147 असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी हुई. भिवाड़ी से 47 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया. इनमें पांच हजार रुपए का इनामी मुबारिक सहित दो इनामी बदमाश शामिल हैं. दौसा में 112, खैरथल-तिजारा में 113 और कोटपूतली-बहरोड में 90 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया. जघन्य व सामान्य अपराधों में वांछित कुल 115 आरोपियों को भी पकड़ा. अलवर में सर्वाधिक 35 अपराधियों को पकड़ा. सीकर में 30 और झुंझुनू में 25 बदमाश गिरफ्तार हुए हैं.

