अरावली पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले की मंत्री श्याम सिंह राणा ने की सराहना, बोले- "इससे केवल लाभ, नुकसान नहीं, संरक्षण जरूरी"
चरखी दादरी में मंत्री श्याम सिंह राणा ने कानून-सख्ती, खाद वितरण और स्थानीय विकास पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए.

Published : December 29, 2025 at 2:39 PM IST
|Updated : December 29, 2025 at 3:05 PM IST
चरखी दादरी: चरखी दादरी के लघु सचिवालय में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में मंत्री श्याम सिंह राणा ने 14 परिवारवादों में से 8 का अधिकारियों के माध्यम से निपटारा करवाया. शेष मामलों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए. बैठक में अवैध माइनिंग, कानून व्यवस्था, सीवरेज, पेयजल और नहरी पानी के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाया गया.
अरावली पर बोले मंत्री: मंत्री श्याम सिंह राणा ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत की. इस दौरान श्याम सिंह राणा ने कहा कि, "अरावली से छेड़छाड़ न करने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक है. अरावली के नाम पर विपक्ष सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी कर रहा है, जबकि अरावली से जन-जीवन बचा हुआ है. अरावली से केवल लाभ है. इसका संरक्षण अनिवार्य है.प्रकृति ने जो कुछ हमें दिया है, उसमें किसी प्रकार की दखलअंदाजी नहीं होनी चाहिए.अरावली के कारण दिल्ली सेफ है. अरावली से तो लाभ ही लाभ है.”
कानून व्यवस्था और अपराधियों पर सख्ती: मंत्री श्याम सिंह ने आगे कहा कि, "हरियाणा में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है. विदेश से धमकियां देने वाले अपराधियों को पुलिस उनके ठिकानों से पकड़कर जेल में डाल रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी."
खाद वितरण पर बोले मंत्री राणा:कृषि मंत्री ने आगे कहा कि, "किसानों का बकाया बीमा मुआवजा प्रक्रिया में है और जल्द ही उन्हें मुआवजा मिलेगा. अब केवल “मेरी फसल, मेरा ब्यौरा” पर पंजीकरण कराने वाले किसानों को ही खाद मिलेगा. ब्लैकमेलिंग और अनियमितता करने वाले खाद विक्रेताओं पर कार्रवाई की जाएगी.किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी."
स्थानीय विकास और प्रशासनिक कार्यों पर दिया जोर: मंत्री श्याम सिंह राणा ने बैठक में उठाए गए सभी मामलों को तय समय सीमा में निपटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए. इसे लेकर मंत्री राणा ने कहा कि सरकार प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और स्थानीय विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है.
ये भी पढ़ें:हरियाणा में घनी धुंध से छाया अंधेरा, विजिबिलिटी जीरो, कई जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी जारी

