नूंह में 3 जून से शुरू होगी अरावली प्रीमियर लीग, नशा मुक्त मेवात का दिया जाएगा संदेश
नशा मुक्त मेवात बनाने के उद्देश्य से नूंह में 3 जून से अरावली प्रीमियर लीग का आयोजन होने जा रहा है.

Published : June 1, 2026 at 4:00 PM IST
नूंहः मेवात के युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से नूंह के ओल्ड जोगीपुर मैदान में 3 जून से अरावली प्रीमियर लीग (APL) सीजन-1 का आयोजन किया जाएगा. इस लीग का मुख्य उद्देश्य 'नशा मुक्त मेवात' अभियान को मजबूत करना है. आयोजनकर्ताओं ने बताया कि इस टूर्नामेंट में मेवात सहित आसपास के क्षेत्रों की 8 टीमें हिस्सा लेंगी और सभी मुकाबले डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे.
APL में कई दिग्गज खिलाड़ी लेंगे हिस्सा: आयोजक आदिल हुसैन ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन 3 जून को होगा और सभी मैचों का सीधा प्रसारण अरावली क्रिकेट अकादमी के आधिकारिक चैनल पर किया जाएगा. प्रतियोगिता में मेवात के नामी खिलाड़ी शहबाज अहमद, नदीम अजमत, अकरम शालेहड़ी, सोहेल कलिया, जहीर अब्बास और इरफान सहित कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे.
विजेता टीम को 5. 51 लाख का पुरस्कार: उन्होंने बताया कि "विजेता टीम को 5 लाख 51 हजार रुपये, उपविजेता को 2 लाख 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी. वहीं मैन ऑफ द सीरीज को बाइक, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज को प्रोफेशनल क्रिकेट किट और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को स्पाइक शूज और प्रोटीन सप्लीमेंट दिया जाएगा. इसके अलावा 25 वर्ष से कम उम्र के टॉप-5 खिलाड़ियों को अरावली क्रिकेट अकादमी में एक साल की निशुल्क स्कॉलरशिप दी जाएगी."

युवाओं में बढ़ा है क्रिकेट के प्रति उत्साह: स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि मेवात में ग्राउंड और खेल सुविधाओं के बढ़ने से युवाओं में क्रिकेट के प्रति उत्साह बढ़ा है. कई खिलाड़ी जिला स्तर से लेकर रणजी ट्रॉफी ट्रायल्स तक पहुंच चुके हैं. आयोजकों ने मैचों को विवादमुक्त रखने के लिए अनुभवी अंपायरों और छह कैमरों की व्यवस्था की है. आयोजकों के अनुसार, यह लीग सिर्फ क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं बल्कि मेवात के युवाओं को नई दिशा देने की एक सकारात्मक पहल है.

