बिहार में जमाबंदी में हेराफेरी और भ्रष्टाचार के मामले में 5 राजस्व कर्मी नपे, DM ने की बड़ी कार्रवाई
अररिया डीएम विनोद दूहन ने भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप में पांच राजस्व कर्मियों पर आरोप पत्र गठित कर सख्त विभागीय कार्रवाई शुरू की.

Published : July 2, 2026 at 8:44 PM IST
अररिया: बिहार के अररिया में राजस्व प्रशासन में अनियमितता और कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने सख्त कार्रवाई की है. जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिले के पांच राजस्व कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करते हुए आरोप पत्र यानी प्रपत्र-क गठित किया गया है.
हेराफेरी का आरोप: जिला प्रशासन से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अंचल कार्यालय अररिया और वर्तमान में पलासी में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी पवन कुमार पंडित पर जमाबंदी में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है. वहीं अंचल कार्यालय नरपतगंज की राजस्व कर्मचारी रेणु कुमारी पर भी जमीन की जमाबंदी में बड़ी हेराफेरी करने का गंभीर आरोप है.
अधिक संपत्ति: इसके अलावा अंचल कार्यालय नरपतगंज और वर्तमान में जोकीहाट के राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने सहित अन्य कई तरह के आरोप लगाए गए हैं. वहीं अंचल कार्यालय फारबिसगंज के राजस्व कर्मचारी विकास कुमार तथा राजेश कुमार शशि पर भी लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है.
मामले लंबित: इन दोनों कर्मियों पर नामांतरण एवं कंप्यूटरीकृत परिमार्जन के सरकारी मामलों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक लंबित रखने के गंभीर आरोप में विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है. मामले में जिलाधिकारी विनोद दूहन ने कहा कि सरकारी कार्यों में अनियमितता, भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.'
पारदर्शी सेवाएं: डीएम विनोद दूहन ने आगे निर्देश देते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम नागरिकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उनके अनुसार शासन की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.
"आम नागरिकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. सरकारी कार्यों में अनियमितता, भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सही तरीके के काम नहीं करने पर किसी भी अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी." - विनोद दूहन, अररिया डीएम
कड़ा संदेश: डीएम ने कहा कि साक्ष्य के आधार पर नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. इसके साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मियों को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ अपने राजकीय दायित्वों का निर्वहन करने का सख्त और अंतिम निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें-
किसी खास दुकान से ड्रेस या किताब खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकते प्राइवेट स्कूल, होगा एक्शन
ड्यूटी से गायब थीं तीन महिला डॉक्टर, DM ने दिया वेतन रोकने का आदेश

