बिहार में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, आरा में ट्रेन से टकराई ट्रैक्टर.. बाल-बाल बचे हजारों यात्री
भोजपुर में एक ट्रेन उदवंतनगर के पास ट्रैक पर रखे ट्रैक्टर (रोटावेटर) से टकरा गई. जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. पढ़ें पूरी खबर

Published : December 23, 2025 at 10:03 AM IST
भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया जब आरा से सासाराम जा रही पैसेंजर ट्रेन उदवंतनगर के पास एक ट्रैक्टर (रोटावेटर) से टकरा गई. यह घटना 5/22 किलोमीटर पोस्ट के समीप हुई, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई. गनीमत रही कि ट्रेन पटरी से नहीं उतरी और कोई यात्री घायल नहीं हुआ.
आज सुबह हुआ हादसा: ट्रेन आरा स्टेशन से सुबह 7:44 बजे रवाना हुई थी. करीब 10 मिनट बाद गड़हनी स्टेशन मास्टर एसके सिंह को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि ट्रेन एक कृषि यंत्र रोटावेटर से टकरा गई है. मौके पर पहुंची रेलवे टीम ने पाया कि ट्रेन का इंजन रोटावेटर से टकराया है, जिसे ट्रैक्टर से जोड़ा गया था. टक्कर के बाद ट्रेन को घटनास्थल पर ही रोकना पड़ा.
कोहरे को बताया जा रहा मुख्य कारण: सूत्रों के अनुसार, सुबह घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी. कहा जा रहा है कि रोटावेटर चालक को रेलवे ट्रैक नजर नहीं आया और वह ट्रैक पार करने की कोशिश में था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोटावेटर क्षतिग्रस्त हो गया और चालक ट्रैक्टर से गिर गया. हालांकि, चालक को गंभीर चोट नहीं आई और उसे मामूली इलाज के बाद छोड़ दिया गया.
रोटावेटर ट्रैक पर कैसे पहुंचा, जांच जारी: रेलवे ट्रैक पर रोटावेटर कैसे पहुंचा इसकी जांच हो रही है. प्राथमिक जांच में पता चला है कि आसपास के खेतों में काम चल रहा था, लेकिन अनधिकृत स्तर क्रॉसिंग या लापरवाही से यह यंत्र ट्रैक पर आ गया. रेलवे अधिकारियों ने घटना की गहन जांच शुरू कर दी है और संबंधित चालक से पूछताछ की जा रही है.

राहत की बात, कोई जनहानि नहीं: आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि इस हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि ट्रेन पटरी पर ही रही और कोई यात्री हताहत नहीं हुआ. रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था कर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया. घने कोहरे के मौसम में ऐसे हादसों से बचाव के लिए रेलवे ने चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं.
"आरा-सासाराम रेलखंड पर उदवंतनगर के पास एक पैसेंजर ट्रेन रोटावेटर ट्रैक्टर से टकरा गई है. हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है."-दीपक कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर, आरा
अप लाइन की ये ट्रेनें प्रभावित: हादसे की वजह से अप लाइन की 53212, 63370 और 13250 नंबर की ट्रेनें प्रभावित हुईं, जबकि डाउन लाइन की 63317, 63371 और 53211 नंबर की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं. इससे यात्रियों को लंबा इंतजार और भारी असुविधा झेलनी पड़ी है. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, तकनीकी टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इंजन में फंसे ट्रैक्टर के हिस्सों को निकालने का कार्य शुरू किया गया.

क्या कहती है पुलिस?: उदवंतनगर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के इंजन और रोटावेटर के ट्रेन से टकराने की पुष्टि हुई है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कोहरे के दौरान रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा मानकों और चेतावनी संकेतों का पालन किया गया था या नहीं. हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी मजबूत होती, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था.
“प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के इंजन और रोटावेटर के ट्रेन से टकराने की पुष्टि हुई है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कोहरे के दौरान रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा मानकों और चेतावनी संकेतों का पालन किया गया था या नहीं.”-जयंत प्रकाश, थानाध्यक्ष, उदवंतनगर
ये भी पढ़ें-
क्या आप जानते हैं घने कोहरे में कैसे चलती है ट्रेन, FSD कैसे करता है काम

