आरपीएससी: एपीओ मुख्य परीक्षा-2024 की उत्तर पुस्तिका डाउनलोड के लिए 12 जनवरी से शुरू होंगे आवेदन
राजस्थान लोक सेवा आयोग के पोर्टल पर आवेदन कर अभ्यर्थी अपनी उत्तर पुस्तिका डाउनलोड कर सकते हैं.


Published : January 7, 2026 at 8:30 PM IST
अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से सहायक अभियोजन अधिकारी (मुख्य) परीक्षा-2024 की उत्तर-पुस्तिकाएं आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की जा रही हैं. जो अभ्यर्थी स्वयं की उत्तर पुस्तिका का अवलोकन करने के इच्छुक हैं, वे आगामी 12 से 27 जनवरी तक आयोग के पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे.
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने के लिए केवल आयोग के पोर्टल पर ही आवेदन करें. ऑनलाइन आरटीआई पोर्टल पर आवेदन न करें. अन्य किसी भी माध्यम से किया गया आवेदन स्वीकार्य नहीं होगा. मेहता ने बताया कि निर्धारित लिंक पर अभ्यर्थी स्वयं के आवेदन क्रमांक, रोल नंबर और जन्म तिथि से ओटीपी प्राप्त कर लॉगिन करने के बाद पेपर सेलेक्ट कर उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने के लिए आवेदन करें. उन्होंने बताया कि इस अवधि में उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने के लिए आयोग के पोर्टल पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं ही आयोग के पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी.
पढ़ें: आरपीएससी : लेक्चरर आयुष विभाग परीक्षा के एडमिट कार्ड 9 जनवरी को होंगे अपलोड
शुल्क भुगतान कर उत्तर पुस्तिका करें डाउनलोड: मेहता ने बताया कि अभ्यर्थियों को यह भी सूचित किया जाता है कि उत्तर पुस्तिकाओं के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 5 से 20 फरवरी तक आयोग के पोर्टल पर भुगतान के लिए उपलब्ध लिंक से 50 रुपए प्रति उत्तर पुस्तिका शुल्क का भुगतान कर अपनी उत्तर-पुस्तिकाएं 28 फरवरी तक डाउनलोड कर लें. 28 फरवरी की रात 12 बजे के बाद परीक्षा की उत्तर-पुस्तिकाएं आयोग के पोर्टल से हटा ली जाएंगी.
यह है आयोग के पोर्टल लिंक:
https://rpsc.rajasthan.gov.in -> Candidate Information -> Exam Dashboard -> APO (Main) Exam 2024 -> Instruction/Links -> Answer Booklet Apply/Download link

