ETV Bharat / state

दिल्ली में 75 सीएम श्री स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन शुरू, 12 मार्च तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

शिक्षा निदेशालय की तरफ से बताया गया कि ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. क्या है आवेदन व परीक्षा के लिए नियम, पढ़ें खबर..

सीएम श्री स्कूल दिल्ली
सीएम श्री स्कूल दिल्ली (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : February 27, 2026 at 3:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: राजधानी में संचालित 75 सीएम श्री स्कूलों में कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई. शिक्षा निदेशालय ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि इच्छुक छात्र 12 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. पूरा आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से ही पूरी होगी. अभिभावकों और विद्यार्थियों को आधिकारिक वेबसाइट www.edudel.nic.in पर जाकर आवेदन करना होगा. इसके लिए ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. आवेदन प्रक्रिया 27 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च की रात तक जारी रहेगी. विभाग ने कहा कि समय सीमा के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थी समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें.

6, 9 और 11वीं में होंगे प्रवेश: इस वर्ष कुल 75 सीएम श्री स्कूलों में कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश दिया जाएगा. शिक्षा विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, केवल दिल्ली के निवासी विद्यार्थी ही इन स्कूलों में आवेदन करने के पात्र होंगे. कक्षा 6 के छात्र आवेदन पत्र में दो स्कूलों का विकल्प चुन सकेंगे, जबकि कक्षा 9 और 11 के छात्र तीन स्कूलों का चयन कर सकेंगे. हालांकि, एक बार स्कूल आवंटित हो जाने के बाद ट्रांसफर की अनुमति नहीं दी जाएगी.

सीटों में आरक्षण और मेरिट का आधार: दाखिले के लिए सीटों का बंटवारा भी निर्धारित किया गया है. उपलब्ध कुल सीटों में से 50 प्रतिशत सीटें सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए आरक्षित होंगी. बाकी बचे 50 प्रतिशत सीटों पर निजी स्कूलों के छात्र भी मेरिट के आधार पर प्रवेश पा सकेंगे. शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 6, 9 और 11 में आवेदन करने वाले छात्रों के लिए मिनिमम क्वालिफिकेशन भी तय की गई है. सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को कम से कम 25 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के छात्रों को 5 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी. प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा.

प्रवेश परीक्षा और OMR आधारित टेस्ट: शिक्षा विभाग ने कहा कक्षा 6 और 9 के लिए प्रवेश परीक्षा मार्च के अंतिम सप्ताह में आयोजित की जाएगी. वहीं कक्षा 11 की परीक्षा मई 2026 में होने की संभावना है. यह परीक्षा OMR शीट आधारित होगी. कक्षा 6 के लिए 300 अंकों के कुल 75 प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि कक्षा 9 और 11 के लिए 400 अंकों के कुल 100 प्रश्न होंगे. परीक्षा के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार छात्रों को स्कूल आवंटित किए जाएंगे. कक्षा 6 और 9 में प्रवेश की पूरी प्रक्रिया 30 अप्रैलस, 2026 तक पूरी कर ली जाएगी. चयनित छात्रों को निर्धारित समय में दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी.