ETV Bharat / state

राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की ऑन डिमांड परीक्षा-3 के आवेदन 1 जुलाई से, 78 बोर्डों के स्टूडेंट पात्र

ये व्यवस्था उनके लिए राहत है, जो किसी कारण नियमित परीक्षा में सफल नहीं हुए या तय परीक्षा कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके.

Rajasthan State Open School
राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : June 30, 2026 at 2:23 PM IST

|

Updated : June 30, 2026 at 2:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : शिक्षा को ज्यादा छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल ने ऑन डिमांड परीक्षा-3 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की. इस परीक्षा के लिए आवेदन 1 जुलाई से शुरू होंगे. अभ्यर्थी 10 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे. ये व्यवस्था उन छात्रों के लिए विशेष रूप से राहत लेकर आई है, जो किसी कारणवश नियमित परीक्षा में सफल नहीं हो पाए या निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके. ऑन डिमांड परीक्षा-3 में राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल के स्ट्रीम-1 और स्ट्रीम-2 के वो छात्र आवेदन कर सकेंगे, जो वर्ष 2022 या उसके बाद रजिस्ट्रेशन हुए हैं और किसी विषय में पास नहीं हो पाए. इसके अलावा राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की ओर से मान्यता प्राप्त 78 विभिन्न शिक्षा बोर्डों के वर्ष 2022 से 2026 के बीच सफल नहीं हुए छात्र भी इस परीक्षा के लिए पात्र होंगे.

राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की सचिव डॉ. अरुणा शर्मा ने बताया कि ऑन डिमांड परीक्षा प्रणाली छात्रों को अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा देने का अवसर उपलब्ध कराती है. इससे ऐसे छात्रों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा, जो नौकरी, पारिवारिक जिम्मेदारियों या अन्य कारणों से नियमित परीक्षा कार्यक्रम का पालन नहीं कर पाते. डॉ. अरुणा शर्मा ने कहा कि ऑन डिमांड परीक्षा प्रणाली का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के लिए बोर्ड की ओर से तय तिथि का इंतजार करने के बजाय अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा देने का अवसर देना है. ये व्यवस्था न केवल ड्रॉपआउट छात्रों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने में मदद करेगी, बल्कि शिक्षा को ज्यादा समावेशी और सुलभ भी बनाएगी.

पढ़ें: राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल का कक्षा 10वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी, शिक्षा मंत्री ने टॉपर्स को दी बधाई

एसएसओ आईडी से होंगे आवेदन: अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से संबंधित संदर्भ केंद्र प्रभारी के सहयोग से आवेदन कर सकेंगे. परीक्षा शुल्क, आवेदन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारियां राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं. डॉ. शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी 1 जुलाई से 10 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे. इसमें राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल में 2022 से उसके बाद रजिस्टर्ड स्ट्रीम-1 और स्ट्रीम-2 के असफल या आंशिक पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे. आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को अपनी SSO ID इस्तेमाल करनी होगी. वहीं, शुल्क और अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी https:rsos.rajasthan.gov.in वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं.

1 जुलाई से रजिस्ट्रेशन :स्टेट ओपन स्कूल शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नए एडमिशन और रजिस्ट्रेशन प्रोसेस भी 1 जुलाई से शुरू होगा. सचिव डॉ. अरुणा शर्मा ने बताया कि स्ट्रीम-1 के तहत अभ्यर्थी 31 अगस्त तक बिना विलंब शुल्क के प्रवेश ले सकेंगे. इसके बाद 15 सितंबर तक 250 रुपए, 30 सितंबर तक 350 रुपए और 31 अक्टूबर 2026 तक 500 रुपए विलंब शुल्क के साथ पंजीयन कराया जा सकेगा. स्ट्रीम-2 के लिए एडमिशन आवेदन 10 जुलाई से 31 जुलाई तक बिना विलंब शुल्क, जबकि 1 से 10 अगस्त तक 250 रुपए विलंब शुल्क के साथ स्वीकार किए जाएंगे. एडमिशन और रजिस्ट्रेशन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी निकटतम रेफरेंस सेंटर से संपर्क कर सकते हैं या आरएसओएस की आधिकारिक वेबसाइट https://rsos.rajasthan.gov.in/ पर जानकारी ले सकते हैं.

पढ़ें:राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल सत्र 2025-26 के स्ट्रीम-1 के निरस्त आवेदन पत्रों में त्रुटि सुधार के लिए अंतिम अवसर

Last Updated : June 30, 2026 at 2:30 PM IST