सेब कारोबारी से 31 लाख की ठगी का मामला, आरोपी व्यापारी के खिलाफ FIR दर्ज
31 लाख से अधिक का सेब लेकर भुगतान नहीं करने के मामले में कुल्लू पुलिस ने आरोपी व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 19, 2026 at 3:25 PM IST
कुल्लू: जिला मुख्यालय कुल्लू में एक सेब कारोबारी के साथ 31 लाख 63 हजार 290 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. वही, कारोबारी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कुल्लू पुलिस के अनुसार, थाना सदर कुल्लू में गांव डेहरासेरी, जिला कुल्लू निवासी उमेश शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई है कि नौ अगस्त 2024 को उनकी दुकान से दो व्यापारियों ने सेब की खरीद की. रजिंद्र उर्फ अश्वनी निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार ने 18 लाख 13 हजार 290 रुपये और संजय साहनी निवासी वैशाली बिहार ने 13 लाख 50 हजार रुपये का सेब खरीदा.
कारोबारी उमेश के अनुसार दोनों व्यापारियों ने तय समय पर भुगतान नहीं किया. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब राशि अदा नहीं की गई तो उन्होंने फोन के माध्यम से संपर्क साधने का प्रयास किया. लेकिन दोनों आरोपियों ने उन्हें सेब का भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया. अब दोनों आरोपी उनका फोन तक नहीं उठाते हैं. ऐसे में कुल्लू पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया, 'साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों व्यापारियों से भी इस मामले की पूछताछ की जाएगी'.
ये भी पढ़ें: सेब मंडियों में बड़ा खेल? 8.05 करोड़ की पेमेंट डकारे जाने का सनसनीखेज खुलासा
ये भी पढ़ें: 'RDG पर चर्चा राजनीति से प्रेरित, भाजपा हिमाचल हित में खड़ी, सरकार की हठधर्मिता से प्रदेश को नुकसान'

