हिमाचल में APL परिवारों के राशन पर चली कैंची, आज से डिपुओं मिलेगा इतना कम आटा
APL परिवारों को 13,779 मीट्रिक टन गेहूं, 6375 मीट्रिक टन चावल का आवंटन किया गया. डिपो धारकों को परमिट भी जारी किए जा चुके हैं.


By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 10:31 AM IST
शिमला: हिमाचल के लाखों APL परिवारों के लिए इस महीने की शुरुआत कुछ मायूस कर देने वाली है. महंगाई की मार और घरेलू बजट के दबाव के बीच अब सरकारी डिपुओं से मिलने वाले राशन में भी कटौती कर दी गई है. प्रदेश सरकार की नई व्यवस्था के तहत आज से APL परिवारों को डिपुओं में 11 किलो आटा ही मिलेगा, जो पिछले महीने की तुलना में 2 किलो कम है.
पिछले महीने यानी फरवरी में APL परिवारों को 13 किलो आटा उपलब्ध कराया गया था. वहीं, अगर जनवरी महीने तक की बात की जाए तो APL परिवारों को हर महीने 14 किलो मिलता रहा है. ऐसे में अचानक हुई इस कटौती ने लाखों APL परिवारों की चिंता बढ़ा दी है, जो पहले ही बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं. प्रदेश भर के डिपुओं में आज से नई मात्रा के अनुसार ही आटा वितरित किया जाएगा.
APL परिवारों को इतने राशन का आवंटन
प्रदेश में लाखों APL परिवारों के लिए सरकार ने सस्ते राशन का आवंटन कर दिया है. इसके तहत APL परिवारों के लिए सभी जिलों में 13,779 मीट्रिक टन गेहूं और 6375 मीट्रिक टन चावल का आवंटन किया गया. इसको लेकर डिपो धारकों को परमिट भी जारी किए जा चुके हैं. प्रदेश में APL परिवारों को डिपुओं के माध्यम से 12 रुपए किलो आटा और 13 रुपए किलो चावल प्रति परिवार दिया जाता है. हालांकि चावल की मात्रा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। APL राशन कार्ड धारकों को पहले की ही तरह मार्च में भी 6 किलो चावल प्रति परिवार दिया जाएगा.
12,19,362 APL परिवार
हिमाचल में APL परिवारों की कुल 12,19,362 है। इसमें 11,58,522 परिवार APL श्रेणी के हैं। जिनकी राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों की 39,28,082 हैं। वहीं प्रदेश में टैक्स पेयर राशन कार्ड धारकों की संख्या 60,840 है। जिनकी कुल सदस्यों की संख्या 2,20,258 है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में 8 HPPS और 2 IPS अधिकारियों के तबादले, IAS आशीष सिंहमार को अतिरिक्त कार्यभार

