IGMC से बर्खास्त डॉक्टर के समर्थन में उतरे अनुराग ठाकुर, वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई को बताया गलत
हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने IGMC से बर्खास्त डॉक्टर का समर्थन किया है. उन्होंने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई को गलत बताया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 26, 2025 at 5:50 PM IST
हमीरपुर: शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) से रेजिडेंट डॉक्टर राघव नरूला की बर्खास्तगी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने डॉक्टर के समर्थन में बयान देकर सियासी बहस को और तेज कर दिया है. उन्होंने साफ कहा कि किसी वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करना सही नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि किसी भी मामले में जांच पूरी होने से पहले निष्कर्ष निकालना ठीक नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि एक छोटे से वीडियो के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि कौन सही है और कौन गलत. पूरे घटनाक्रम, परिस्थितियों और पृष्ठभूमि की गहन जांच जरूरी है.
नादौन में भाजपा कार्यक्रम में पहुंचे अनुराग ठाकुर
शुक्रवार को अनुराग सिंह ठाकुर नादौन में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. कार्यक्रम स्थल पर भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका स्वागत किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
वीर बाल शहीदी दिवस पर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम से पहले अनुराग सिंह ठाकुर ने वीर बाल शहीदी दिवस के अवसर पर नादौन स्थित गुरुद्वारे में शीश नवाया. उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों को धर्म, साहस और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता रहेगा.
UPA सरकार पर साधा निशाना
अनुराग सिंह ठाकुर ने इस दौरान कांग्रेस और UPA सरकार पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि UPA शासन के दौरान देश की अर्थव्यवस्था कमजोर स्थिति में पहुंच गई थी और भारत दुनिया की सबसे अस्थिर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भ्रष्टाचार, नीतिगत अस्थिरता और कमजोर नेतृत्व के कारण देश को भारी नुकसान हुआ.
मोदी सरकार में बदली देश की तस्वीर
अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की दिशा और दशा दोनों बदली हैं. उन्होंने दावा किया कि आज भारत दुनिया की चार सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है. उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 8 प्रतिशत से अधिक है, जो वैश्विक स्तर पर सबसे तेज मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें: क्लास रूम में मोबाइल नहीं ले जा पाएंगे टीचर, स्थाई-अस्थाई टीचर की होगी भर्ती

