ETV Bharat / state

PM का विरोध करते-करते, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का विरोध कर रहे राहुल गांधी: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर में अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर किया तीखा हमला बोला.

सांसद अनुराग ठाकुर
सांसद अनुराग ठाकुर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 21, 2026 at 3:52 PM IST

|

Updated : February 21, 2026 at 5:32 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के दौरे पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक फिर से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. मीडिया से बातचीत में अनुराग सिंह ठाकुर ने राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोला.

सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश का अंतरराष्ट्रीय मंचों पर विरोध कर रहे हैं. यह कृत्य देशहित में नहीं है और राहुल गांधी को इस पर देश से माफी मांगनी चाहिए'.

दरअसल, जिला हमीरपुर में प्रदेश भाजपा शहरी प्रकोष्ठ की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कांग्रेस सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की कथित विफलताओं को उजागर करने का आह्वान किया.

अनुराग सिंह ठाकुर (ETV Bharat)

'एआई और नई तकनीकों का विरोध कर रही कांग्रेस'

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एआई और नई तकनीकों का विरोध कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. कांग्रेस नहीं चाहती कि देश के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलें. भाजपा सरकार तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस विकास और तकनीकी प्रगति में बाधा डालने का काम कर रही है.

'महिलाओं और युवाओं को झूठे वादों के जरिए गुमराह किया'

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कार्यकाल में प्रदेश पर लाखों-करोड़ों रुपये का कर्ज चढ़ गया है. उन्होंने दावा किया कि महिलाओं और युवाओं को झूठे वादों के जरिए गुमराह किया गया. अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए कांग्रेस सरकार केंद्र पर आरोप लगा रही है, जिसे भाजपा बेनकाब करेगी.

'भारी कर्ज लेने के बावजूद प्रदेश में विकास कार्य नहीं दिख रहा'

अनुराग सिंह ठाकुर ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदेश को 1 लाख 62 हजार करोड़ रुपये की राशि दी गई है. उन्होंने सवाल उठाया कि भारी कर्ज लेने के बावजूद प्रदेश में विकास कार्य दिखाई क्यों नहीं दे रहे. उन्होंने कांग्रेस सरकार से इस पर जवाब देने की मांग की.

बैठक में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प भी लिया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्णय किया. कार्यक्रम के अंत में पार्टी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर आगामी चुनावों में मजबूती से उतरने की रणनीति पर बल दिया.

बैठक के दौरान हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल तथा अन्य पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी रणनीति को लेकर मंथन किया गया.

ये भी पढ़े: हिमाचल में PMGSY-Ⅳ के अगले चरण में बनेगी इतने सौ किलोमीटर सड़कें, केंद्र को सौंपा प्रस्ताव

Last Updated : February 21, 2026 at 5:32 PM IST