'उधार लेकर मित्रों का उद्धार कर रही सुक्खू सरकार, अब जनता देगी जवाब'
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार लगातार कर्ज ले रही है, लेकिन उसका फायदा जनता को नहीं मिल रहा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 15, 2026 at 7:17 PM IST
|Updated : May 15, 2026 at 7:33 PM IST
सोलन: हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी. इसी कड़ी में पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर सोलन पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा. सोलन के कांगड़ा-हमीरपुर मैथिली सभा भवन में आयोजित कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को संबोधित किया.
'26 में अंगड़ाई, 27 में कांग्रेस की विदाई'
अपने संबोधन के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि सोलन पहुंचते ही उन्हें एक ही आवाज सुनाई दी- "कांग्रेस क्यों घबराई है, 26 में अंगड़ाई है और 27 में कांग्रेस की विदाई है." उन्होंने दावा किया कि नगर निगम सोलन चुनाव में कांग्रेस का 'सूपड़ा साफ' होने वाला है और जनता अब राज्य सरकार की नाकामियों से परेशान हो चुकी है.
पानी और वादों को लेकर सरकार पर हमला
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सोलन की जनता से साफ और नियमित पानी देने का वादा किया था, लेकिन आज हालत यह है कि पानी नहीं आ रहा, जबकि भारी-भरकम बिल जरूर पहुंच रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया गया.
'महिलाओं, किसानों और युवाओं से किए वादे अधूरे'
भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को ₹1500 देने, ग्रामीण क्षेत्रों में ₹100 लीटर दूध खरीदने और गोबर खरीदने जैसे वादे किए थे, लेकिन इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा बेरोजगारी से परेशान है और सरकार सिर्फ घोषणाएं करने में व्यस्त है.
'कर्ज लेकर मित्रों को मौज करा रही सरकार'
अनुराग ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार लगातार कर्ज ले रही है, लेकिन उसका फायदा जनता को नहीं मिल रहा. उन्होंने कहा, "यह सरकार उधार लेकर मित्रों का ही उद्धार कर रही है. कर्ज पर कर्ज लिया जा रहा है और मित्रों की मौज करवाई जा रही है." उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि कई नेताओं के खिलाफ विजिलेंस जांच चल रही है. अपने संबोधन के अंत में अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों में भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी. उन्होंने कहा कि जैसे भाजपा ने पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी में मजबूत प्रदर्शन किया, उसी तरह हिमाचल में भी नगर निगम, पंचायत और जिला परिषद चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत हासिल करेगी.
ये भी पढे़ं: सत्ता के सेमीफाइनल से पहले सीएम सुक्खू का दावा, पूरी की सभी 10 गारंटियां
ये भी पढे़ं: कांग्रेस ने पालमपुर निगम चुनाव में रखी अपनी 'गारंटियां', जनता से किए ये वादे

