आर्थिक संकट पर गरमाई सियासत, अनुराग बोले- अपनी नाकामियां छिपाने के लिए केंद्र को कोस रही सुक्खू सरकार
भाजपा सांसद ने कहा कि विधानसभा सत्र में सरकार यह स्पष्ट नहीं कर पाई कि केंद्र से राज्य को कितना वित्तीय सहयोग मिला.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 8:12 PM IST
|Updated : February 20, 2026 at 8:24 PM IST
ऊना: भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए मुद्दों को भटकाने की राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की रफ्तार थम गई है और सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रह गई है. जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रही है, लेकिन सरकार जमीनी हालात समझने में विफल है.
शुक्रवार को ऊना जिला मुख्यालय दीपकमल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनुराग ठाकुर ये बात कही. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले जो वादे किए थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए. युवाओं को रोजगार, कर्मचारियों की मांगों और महंगाई पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं दिख रही है.
अपनी नाकामियां छुपा रही सरकार
भाजपा सांसद ने प्रदेश सरकार द्वारा उठाए जा रहे रिवेन्यू डिफिसिट ग्रांट के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अपनी वित्तीय नाकामियों को छिपाने के लिए इस मुद्दे को बार-बार उठा रही है. ठाकुर ने कहा कि देश के 17 राज्यों में यह ग्रांट बंद की गई, लेकिन इसके तहत 1.40 लाख करोड़ रुपये राज्यों को आवंटित किए गए हैं.
केंद्र ने हिमाचल को दिया रिकॉर्ड बजट
अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार ने हिमाचल प्रदेश को रिकॉर्ड बजट दिया है. उन्होंने कहा कि हाल ही में चले तीन दिवसीय विधानसभा सत्र में प्रदेश सरकार यह स्पष्ट नहीं कर पाई कि केंद्र से राज्य को कितना वित्तीय सहयोग मिला. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कांग्रेस शासन की तुलना में 1.60 लाख करोड़ रुपये अधिक दिए हैं.
सांसद ने कहा कि केंद्र से मिलने वाली राशि का बड़ा हिस्सा सीधे पंचायतों तक पहुंचेगा, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि यही कारण है कि प्रदेश सरकार असहज है, क्योंकि धनराशि सीधे स्थानीय स्तर पर जा रही है.
कार्यकर्ताओं में भरा जोश
प्रशिक्षण कार्यशाला में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी चर्चा की गई. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनहित योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया.
ये भी पढ़ें: 'हिमाचल आने वाले मेहमानों की जेब पर डाका डाल रही सरकार, टोल दरों में वृद्धि को जल्द ले वापस'

