'कांग्रेस सरकार के चलते कर्ज में डूबा हिमाचल', अनुराग ठाकुर ने नीति और नीयत पर उठाए सवाल
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार को नसीहत दी कि विकास कार्यों में राजनीति करने के बजाय केंद्र और राज्य को मिलकर काम करना चाहिए.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 8, 2026 at 10:35 PM IST
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है. रविवार को बिलासपुर दौरे पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सरकार पर अफवाहें फैलाने, झूठ बोलने और प्रदेश को कर्ज के भारी बोझ में डुबोने का आरोप लगाया. अनुराग ठाकुर ने कहा कि गलत नीतियों और कमजोर वित्तीय प्रबंधन की वजह से हिमाचल आज गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है.
झूठ फैला रही कांग्रेस सरकार
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने समय रहते बेहतर प्रबंधन, संसाधनों के सही उपयोग और अनावश्यक खर्चों में कटौती पर ध्यान दिया होता, तो आज हिमाचल प्रदेश एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज में नहीं डूबता. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार प्रदेश की वास्तविक स्थिति को छिपाने के लिए केवल बयानबाजी कर रही है. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की आर्थिक नीति अब सिर्फ कर्ज लेकर पुराने कर्ज का ब्याज चुकाने तक सीमित रह गई है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ब्याज चुकाने के लिए फिर से कर्ज लेना किसी भी तरह से जिम्मेदार नीति नहीं हो सकती. इससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति और कमजोर होती जा रही है और आने वाले समय में इसका बोझ आम जनता पर पड़ेगा.
केंद्र सरकार के सहयोग का किया जिक्र
अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए कभी धन की कमी नहीं आने दी. उन्होंने रेलवे परियोजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि केंद्र लगातार राज्य को बजट उपलब्ध करा रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार अपनी 25 प्रतिशत हिस्सेदारी और आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं करा पा रही है. इसी कारण कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो पा रही हैं. उन्होंने कहा कि रेलवे परियोजनाओं के लिए हिमाचल को लगभग 2200 करोड़ रुपये का योगदान देना है, इसके बावजूद केंद्र सरकार सहयोग कर रही है.
राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत
अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार के सहयोग से बने किरतपुर-नेरचौक फोरलेन का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 3400 करोड़ रुपये की लागत से बना यह फोरलेन प्रदेश के लिए बड़ी सौगात है. इस सड़क से न केवल यातायात सुगम हुआ है, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है. अंत में अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार को नसीहत दी कि विकास कार्यों में राजनीति करने के बजाय केंद्र और राज्य को मिलकर काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी.
ये भी पढ़ें: DA फ्रीज करना पड़ेगा, नहीं दे पाएंगे एरियर, OPS की जगह UPS का सोचिए, सीएम सुक्खू के सामने वित्त सचिव की गुहार

