हिमाचल आपदा के लिए केंद्र ने जारी की ₹601.92 करोड़ की मदद, अनुराग ठाकुर और जयराम ने जताया आभार
केंद्र सरकार ने पीडीएनए के तहत हिमाचल को ₹601.92 करोड़ की राहत राशि प्रदान की है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 28, 2025 at 8:47 AM IST
|Updated : December 28, 2025 at 9:22 AM IST
मंडी: केंद्र सरकार की ओर से राहत एवं पुनर्वास के लिए PDNA (पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेसमेंट) के तहत हिमाचल प्रदेश को 601.92 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता मंजूर की गई है. इस सहयोग के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर और पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया है. भाजपा नेताओं ने कहा कि ये सहायता राशि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने, क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचना को सशक्त करने और आम जनजीवन को दोबारा पटरी पर आने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है.
'हिमाचल पीएम मोदी का दूसरा घर'
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा हिमाचल को अपना दूसरा घर माना है और यहां के हितों का खास ध्यान रखा है. केंद्र की मोदी सरकार ने एक बार फिर संवेदनशीलता दिखाते हुए आपदा प्रभावित हिमाचल के लिए 601.92 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता देने का काम किया है. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा जैसे बाढ़, बादल फटने व लैंडस्लाइड से हुए नुकसान की भरपाई करने और पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार द्वारा की गई ये मदद हिमाचल के जख्मों पर मरहम लगाने के बराबर है. उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार जताया.
'तटीयकरण कार्यों के लिए ₹8625 करोड़ का आवंटन'
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में पिछले 2-3 सालों के दौरान आई भीषण बाढ़, फ्लैश फ्लड और बादल फटने की घटनाओं के कारण बहुत क्षति हुई है. प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, ग्रामीण ढांचे और जल स्रोतों के तटीकरण को भारी नुकसान हुआ है. प्रदेश में अवैध खनन माफिया और टिंबर माफिया के सक्रिय होने से नदियों और खड्डों का स्वरूप प्रभावित हुआ है. जिससे भारी बारिश के दौरान पानी का दबाव कई गुणा बढ़ जाता है और विनाशकारी बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है. भाजपा सांसद ने बताया कि हिमाचल में तटीयकरण कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने 8625 करोड़ रुपए का आवंटन किया है. ये राशि मौजूदा संरचनाओं के पुनर्निर्माण और चैनलाइजेशन परियोजनाओं के लिए दी गई है.
'अब तक ₹6000 करोड़ की मदद'
वहीं, पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी केंद्र सरकार की इस मदद के लिए आभार प्रकट किया है. जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार हर बार की तरह हिमाचल की आर्थिक सहायता कर रही है. जिससे आपदा ग्रस्त प्रदेश को राहत मिल सके. केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल को दी जा रही 601.92 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता से आपदा से हुए नुकसान की भरपाई करने में मदद मिलेगी. इसके अलावा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए भी ये बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पीडीएनए के तहत केंद्र सरकार ने 451 करोड़ रुपए की राशि प्रदेश को दी है. साल 2023 से अब तक आई प्राकृतिक आपदाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा आपदा राहत मद में 6000 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि प्रदेश को दी जा चुकी है. पीएम मोदी द्वारा घोषित अन्य सहायता पैकेज और घोषणाएं अलग से हैं.
कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा. जयराम ठाकुर ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी उदार केंद्रीय सहायता मिलने के बावजूद प्रदेश सरकार अब तक इस धनराशि को प्रभावी ढंग से आपदा प्रभावितों तक नहीं पहुंचा पाई है. साल 2023 से लेकर अब तक की सभी आपदाओं को मिलाकर भी प्रदेश सरकार द्वारा प्रभावित परिवारों को 500 करोड़ रुपए की सहायता भी नहीं बांटी जा सकी है. ये स्थिति सरकार की प्राथमिकताओं और प्रशासनिक क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े करती है. नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश सरकार से अपील करते हुए कहा कि केंद्र से प्राप्त आपदा राहत राशि का शीघ्र, पारदर्शी और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करे. उन्होंने कहा कि ये धनराशि किसी सरकार की नहीं है, बल्कि आपदा से पीड़ित हिमाचल के लोगों की है. इसका हर एक रुपया प्रभावित परिवारों के ऊपर लगना चाहिए.

