कड़ाके की ठंड में पानी में तैरती रहस्यमयी महिला, पुलिस को देख राम–राम, फिर अचानक ओझल
रहस्यमयी घटना को लेकर सुर्खियों में अनूपपुर का जलभराव क्षेत्र, पानी में तैरती महिला पुलिस को देख कर रही थी राम-राम, हुआ सफल रेस्क्यू

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 1, 2026 at 10:40 AM IST
|Updated : January 1, 2026 at 11:16 AM IST
अनूपपुर: जिले के एसईसीएल जमुना–कोतमा क्षेत्र अंतर्गत अजीबो गरीब घटना घटी है. बंद पड़ी खदान परियोजना हरद के जलभराव क्षेत्र में पिछले दो दिनों से एक अज्ञात महिला रहस्यमयी ढंग से पानी में तैरती हुई दिखाई दे रही थी. यह घटना क्षेत्र में चर्चा और कौतूहल का विषय बन गई. हालांकि बचाव दल ने महिला का रेस्क्यू कर लिया है. बताया जा रहा है कि महिला ने शराब का सेवन कर रखा था. उसे होश नहीं रहा और वह पानी तक पहुंच गई.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, महिला लगातार भगवान का स्मरण करते हुए कभी पानी की सतह पर दिखती थी और कभी अचानक पानी के अंदर चली जाती थी और कई घंटों तक नजर नहीं आती. भीषण ठंड के बीच उसका इस तरह जलभराव क्षेत्र में रहना ग्रामीणों को हैरत और चिंता में डाल दिया था.
सूचना पर पहुंची पुलिस
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर थाना भालूमाड़ा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंची और महिला को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया. किंतु जैसे ही महिला पुलिस को पास आता देखती, वह हाथ जोड़कर 'राम–राम' कहती और फिर धीरे-धीरे पानी के अंदर चली जाती थी. यह क्रम लगातार चलता रहा, जिससे स्थिति और जटिल होते गई.
महिला की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने ईटीवी भारत को बताया कि, ''महिला की सुरक्षा पहली प्राथमिकता थी. ये महिला पिछले दो दिनों से जलभराव क्षेत्र में तैरती हुई दिखाई दे रही थी. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बचाव दल व एनडीआरफ टीम को बुलाया गया था.''
- मध्य प्रदेश में सिंगापुर कार्निवल, देश में पहली बार दिखेगी 'जलपरी'
- बैतूल में जलपरी की तरह पैरों से जुड़े बच्चे ने लिया जन्म, 10 घंटे बाद मौत
- पन्ना में दुर्गम घाटियों के बीच रहस्यमयी सीढ़ियां, खच्चर की पीठ पर चूने की बोरी में छेद से हुआ निर्माण
शराब के नशे में पहुंच गई थी डैम पर
भालूमाड़ा थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने बताया कि, ''कोतमा विधानसभा खोडारी नंबर दो की महिला राधा केवट (उम्र 47 वर्ष) को बुधवार रात 12 बजे रेस्क्यू कर पानी से बाहर निकाला गया है. महिला की मानसिक स्थिति ठीक है. उस महिला को सकुशल पारसी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. महिला ज्यादा मात्रा में शराब का सेवन करती थी जिससे वह भटकते हुए डैम तक पहुंच गई.
नहाने के उद्देश्य से पानी में गई और बाहर नहीं निकल पा रही थी. पानी से निकलने के बाद पूछताछ करने में अपने घर परिवार का नाम बताने लगी. प्रथम दृष्टि से महिला की मानसिक स्थिति ठीक लग रहा है. परिवार वालों को सूचना देकर बुलवाया गया था. महिला को मानसिक स्थिति समझने के लिए डॉक्टरों की निगरानी में एक-दो दिन तक रखा जाएगा.''
पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिंह ने बताया कि, ''एक महिला दो दिन से पानी के अंदर तैर रही थी. जब उसे निकालने के लिए उसके पास जाते हैं तो वह दूर से ही राम-राम करने लगती है और पानी में छुप जाती थी.''

