शामली: एंटी करप्शन टीम ने किसान से 6 हज़ार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक को पकड़ा
जमीन पैमाइश के नाम पर राजस्व निरीक्षक ने किसान से मांगे 6 हज़ार की रिश्वत, एंटी करप्शन टीम ने किया गिरफ्तार.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 8:50 PM IST
शामली: जनपद में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्यवाही की है, टीम ने एक किसान से राजस्व निरीक्षक को 6 हज़ार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंग के हाथों गिरफ्तार किया है.
एंटी करप्शन टीम ने झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव वेदखेड़ी निवासी श्रीनिवास की शिकायत पर कैराना तहसील में कार्यरत राजस्व निरीक्षक धर्मवीर सिंह को ₹6000 की रिश्वत लेते बुधवार को गिरफ्तार किया. गांव वेदखेड़ी निवासी किसान श्री निवास की जमीन के बराबर में वन विभाग की जमीन है, जिसके चलते वन विभाग ने उनकी जमीन पर यह कहते हुए डोलबंदी कर दी थी कि तुमने वन विभाग की जमीन दबा कर रखी है.

इससे आहत किसान श्री निवास ने अपनी जमीन की पैमाईशी करवाने के लिए राजस्व निरीक्षक के यहां अर्जी लगाई, जिसकी एवज़ में राजस्व निरीक्षक ने किसान से ₹10000 की मांग की और कहा कि उनकी जमीन की पैमाइश तभी की जाएगी जब वह ₹10000 उन्हें दे देंगे.
पीड़ित किसान ने राजस्व निरीक्षक से बात की और कहा कि इतने पैसे उनसे नहीं दिए जाएंगे, वह गरीब है और 10 बीघा जमीन ही उनके पास है, लेकिन राजस्व निरीक्षक नहीं माना और लगातार पैसों की डिमांड करता रहा, जब किसान श्रीनिवास त्रस्त हो गया तो उसने पूरे मामले की शिकायत सहारनपुर एंटी करप्शन टीम से की. जिसके बाद एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को जाल बिछाया और राजस्व निरीक्षक को ₹6000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.

