नशे के नेटवर्क पर हिमाचल पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 96 तस्करों को भेजा जेल, अब नहीं मिलेगी बेल!
पुलिस के अनुसार, इन तस्करों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त किया जाएगा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 21, 2026 at 9:49 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किए गए प्रदेशव्यापी एंटी-चिट्टा अभियान के तहत अब तक 96 आदतन और संगठित तस्करों को निरुद्ध किया जा चुका है. पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया और ठोस खुफिया जानकारी के आधार पर की जा रही है.
NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीआईटी एंड एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत संगठित नशा नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है. 19 फरवरी को आठ कुख्यात तस्करों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए थे, जिन्हें अब सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है. इन तस्करों को अलग-अलग जिलों से हिरासत में लिया गया. कार्रवाई के दौरान जिला शिमला से पांच, देहरा से एक, नूरपुर से एक और ऊना से एक तस्कर को निरुद्ध किया गया. यह ऑपरेशन बहु-जिला समन्वय, सटीक खुफिया सूचना और मजबूत कानूनी रणनीति के आधार पर चलाया गया. इससे संगठित नशा आपूर्ति नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.
पुलिस विभाग के अनुसार, साल 2025 के अंत तक 65 नशा तस्करों को पीआईटी और एनडीपीएस कानून के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. वहीं साल 2026 में अब तक 31 और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा चुकी है. इस तरह कुल मिलाकर 96 आदतन और संगठित नशा तस्करों पर कानून के तहत कार्रवाई हो चुकी है. पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे लोगों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
संपत्तियों की होगी जांच
प्रवक्ता ने बताया कि इन तस्करों की चल और अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच जारी है. अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर कानून के अनुसार जब्ती और कुर्की की कार्रवाई की जाएगी, ताकि उनके आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जा सके.
जनता से सहयोग की अपील
हिमाचल पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है. लोगों से अपील की गई है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाना में साझा करें. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
ये भी पढ़ें: सनकी आशिक! शादी से इनकार करने पर पहले दी जान से मारने की धमकी, फिर घर में लगा दी आग

