ETV Bharat / state

अंता उपचुनाव: मोरपाल सुमन अपने गांव में भी हारे, मिले महज 63 वोट, नरेश मीणा को मिले सबसे ज्यादा

अंता विधानसभा सीट पर भाजपी प्रत्याशी को कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया ने शिकस्त दी. मोरपाल को कई बूथों पर सिंगल डिजिट में वोट मिले.

ANTA BY ELECTION RESULTS
अंता उपचुनाव के नतीजे (ETV Bharat GFX)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : November 14, 2025 at 7:15 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: अंता विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने शानदार जीत हासिल की है. उन्हें कुल 15,612 वोटों की बढ़त मिली. मतगणना के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी मोरपाल सुमन शुरुआत से ही टक्कर में नहीं रहे और दूसरे स्थान पर रहे. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मोरपाल सुमन को अपने खुद के गांव तिसाया से हार का सामना करना पड़ा. यहां वे तीसरे नंबर पर रहे, जबकि दोनों बूथों पर निर्दलीय प्रत्याशी को सबसे ज्यादा वोट मिले. दूसरे स्थान पर कांग्रेस के भाया रहे, लेकिन सुमन अपने गांव से भी जीत नहीं दर्ज कर पाए.

तिसाया गांव में सुमन को महज 63 वोट: तिसाया गांव के बूथ नंबर 4 पर कुल 568 वोट डाले गए. इनमें निर्दलीय नरेश मीणा को 462 वोट, प्रमोद जैन भाया को 49 वोट मिले, जबकि मोरपाल सुमन को सिर्फ 44 वोट ही नसीब हुए. इसी गांव के बूथ नंबर 5 पर 830 वोट पड़े, जिनमें नरेश मीणा को 571, भाया को 219 और सुमन को मात्र 19 वोट मिले. कुल मिलाकर गांव में 1,398 वोट डाले गए, लेकिन सुमन को सिर्फ 63 वोट ही हासिल हुए.

इसे भी पढ़ें- अंता उप चुनाव: भाजपा के दिग्गज भी नहीं जिता पाए सीट, एक्सपर्ट ने गिनाए हार के ये कारण

कई गांवों में सुमन को सिंगल डिजिट वोट: चुनाव में मोरपाल सुमन को कई बूथों पर सिंगल डिजिट वोट मिले, जबकि भाया और नरेश मीणा हर बूथ पर डबल डिजिट में रहे. उदाहरण के तौर पर:

  • कनाड़ा गांव (बूथ नंबर 17): कुल 346 वोट. नरेश मीणा को 226, भाया को 100 और सुमन को महज 9 वोट.
  • कोटड़ी सुंडा गांव (बूथ नंबर 228): सुमन को 10, भाया को 366 और नरेश मीणा को 24 वोट.
  • चहेड़िया (बूथ नंबर 189): कुल 583 वोट. भाया को 446, नरेश मीणा को 126 और सुमन को सिर्फ 5 वोट.
  • रकसपुरिया गांव (बूथ नंबर 58): कुल 487 वोट. नरेश मीणा को 439, भाया को 39 और सुमन को मात्र 4 वोट.

सांकली गांव में एकमात्र वोट भी भाया को: अंता विधानसभा के मांगरोल इलाके की सिमली ग्राम पंचायत के सांकली गांव में ग्रामीणों ने शमशान की सड़क और अन्य विकास कार्यों को लेकर मतदान का बहिष्कार किया था. गांव में सिर्फ एक व्यक्ति ने वोट डाला और वह वोट भी कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के खाते में गया.

इसे भी पढ़ें- Anta Byelection Result : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले- जनता का जनादेश स्वीकार, समीक्षा करेंगे