KGMU में फिर महिला उत्पीड़न का मामला; पीड़िता ने की शिकायत, दिया इस्तीफा
KGMU के मीडिया सेल प्रभारी डॉ. केके सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही कुलपति ने जांच के आदेश दिए हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 1:10 PM IST
लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में महिला उत्पीड़न का एक और नया मामला सामने आया है. HRF विभाग में तैनात एक महिला कर्मचारी ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया है. पीड़िता ने संस्थान प्रशासन से शिकायत की है. कुलपति ने जांच के लिए विशाखा कमेटी को पत्र लिखा है.
KGMU के मीडिया सेल प्रभारी डॉ. केके सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही कुलपति की तरफ से इस प्रकरण को विशाखा कमेटी के चेयरमैन को भेजा गया है. विश्वविद्यालय में किसी भी महिला या फीमेल स्टॉफ या स्टूडेंट्स से जुड़े मामले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाती हैं.
यह शिकायत की गई: महिला कर्मचारी ने 20 फरवरी को शिकायती पत्र में उत्पीड़न, छुट्टी से इंकार, गर्भावस्था के दौरान असंवेदनशील व्यवहार और बुनियादी सुविधाओं से वंचित किए जाने जैसे आरोप लगाए हैं.
उन्होंने इन परिस्थितियों को अपनी नौकरी से इस्तीफा देने का प्रमुख कारण बताया है. शिकायत में कहा गया है कि सेवा अवधि के दौरान गर्भवती होने के बावजूद उन्हें कोई विशेष सहयोग या सुविधा प्रदान नहीं की गई.
पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होने के बाद भी उन पर अप्रत्यक्ष दबाव डाला गया और टिप्पणियां की गईं. इससे मानसिक तनाव की स्थिति बनी रही. आरोप लगाया कि पारिवारिक शोक जैसी स्थित में भी छुट्टी नहीं दी गई.
एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान वॉशरूम उपयोग की अनुमति और चाबी देने से इंकार कर दिया गया. इसके कारण उन्हें दूसरे विभाग में जाना पड़ा. इस देरी के चलते उनसे जवाब-तलब भी किया गया.
इस्तीफा देने के बाद भी वरिष्ठ अधिकारी ने अपमानजनक टिप्पणी की. आरोप यह भी है कि इस्तीफे के बाद उनकी बहन, जो उसी संस्थान में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात हैं, को भी मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है.

