UKSSSC पेपर लीक मामले में आरोपी खालिद के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज, जानिए क्या किया था झोल!
यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में सीबीआई कर रही जांच, आरोपी खालिद मलिक के खिलाफ रायपुर थाने में एक और मुकदमा किया गया दर्ज

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 31, 2025 at 6:22 PM IST
देहरादून: यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में मास्टरमाइंड मोहम्मद खालिद के खिलाफ रायपुर थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी खालिद मलिक ने अलग-अलग दो परीक्षाओं में गलत सूचना अंकित कर 9 आवेदन भरे थे. सीबीआई की जांच में परीक्षाओं के आवेदन में गलत सूचना अंकित करने का मामला पकड़ा गया, जिस मामले में रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है.
बता दें कि आरोपी मोहम्मद खालिद पेपर लीक मामले में वर्तमान में जेल में है. अब उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ है. मामले में आयोग के प्रशासनिक अनु सचिव सुभाष चंद्र घिल्डियाल ने एक शिकायत दर्ज कराई है. जिसमें उन्होंने कहा है कि बीती 21 सितंबर 2025 को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित स्नातक स्तरीय पदों से संबंधित परीक्षा आयोजित कराई गई. जिसमें अभ्यर्थी मोहम्मद खालिद निवासी लक्सर (हरिद्वार) को संदिग्ध पाया गया था.
अभ्यर्थी खालिद की ओर से पहले में आयोग की परीक्षाओं में आवेदन के संबंध में जांच करवाने पर पाया गया कि उसने दो अलग-अलग परीक्षाओं में गलत सूचना अंकित कर आवेदन पत्र भरे थे. जबकि, सहकारी निरीक्षक वर्ग 2 परीक्षा की शैक्षिक योग्यता अर्थशास्त्र, कॉमर्स, कृषि विषय के साथ स्नातक जरूरी है. वहीं, अलग-अलग विभागों की स्नातक स्तरीय परीक्षा, जिसकी शैक्षिक योग्यता अलग-अलग विषयों में स्नातक होना आवश्यक है.

खालिद ने आवेदन पत्र में भरी थी गलत जानकारी: इस संबंध में सीबीआई यानी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की ओर से यह संस्तुति की गई है कि आरोपी खालिद मलिक ने आयोग की ओर से आयोजित सहकारी निरीक्षक वर्ग 2 परीक्षा और स्नातक स्तरीय परीक्षा में असत्य सूचना अंकित कर धोखाधड़ी की है. इस मामले में प्रोफेसर सुमन, मोहम्मद खालिद (खालिद मलिक) और उसकी बहन को गिरफ्तार किया जा चुका है.
सीबीआई कर रही पेपर लीक केस की जांच: वहीं, यूकेएसएसएससी नकल प्रकरण में सीबीआई जांच कर रही है और इस मामले में कुछ अन्य आरोपियों की भी संलिप्तता सामने आने की संभावना है. साथ ही नकल माफिया हाकम सिंह और उसके गुर्गों की भूमिका की जांच किए जा रही है. पुलिस ने पेपर होने से एक दिन पहले ही हाकम सिंह और उसके साथी को भी गिरफ्तार किया था.
"प्रशासनिक अनु सचिव की शिकायत के आधार पर आरोपी मोहम्मद खालिद के खिलाफ थाना रायपुर में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है."- गिरीश नेगी, रायपुर थाना प्रभारी
ये भी पढ़ें-
- UKSSSC पेपर लीक केस, सीबीआई ने की पहली गिरफ्तारी, असिस्टेंट प्रोफेसर अरेस्ट
- UKSSSC पेपर लीक मामला, सीबीआई ने कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट, जानिए किसे बनाया मुख्य आरोपी
- बॉबी पंवार से CBI ने 9 घंटे तक की पूछताछ, बाहर निकलते ही धामी सरकार पर बरसे
- UKSSSC पेपर लीक केस, खालिद और साबिया की न्यायिक हिरासत बढ़ी, SIT ने किए बड़े खुलासे
- खालिद को लेकर एग्जाम सेंटर पहुंची पुलिस, रिक्रिएट किया सीन, जानिए क्या कुछ निकला

