चंडीगढ़ में फिर बम की धमकी का ई-मेल, पासपोर्ट कार्यालयों समेत कई स्थानों पर अलर्ट
चंडीगढ़ में एक बार फिर बम की धमकी मिली है. धमकी के बाद चंडीगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई है.

Published : March 2, 2026 at 4:51 PM IST
चंडीगढ़: एक बार फिर चंडीगढ़ में बम की धमकी के ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. ताजा ई-मेल में शहर के अहम स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है. इनमें इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पासपोर्ट कार्यालय, सेक्टर-34 पासपोर्ट कार्यालय, मुखर्जी ऑफिस और सेक्टर-17 बस स्टैंड का नाम शामिल है.
कई परिसरों को एहतियातन कराया गया खालीः ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. संबंधित सभी जगहों को चेक किया गया. कई जगहों पर एहतियातन परिसर को खाली भी कराया गया. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने परिसर की बारीकी से तलाशी ली. फिलहाल किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है.
इस बार भी धमकी फर्जी निकलीः पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला भी पिछली घटनाओं की तरह फर्जी (होअक्स) प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा. ईमेल कहां से आया, साइबर सेल ये पता लगाने में जुटी है.

26 फरवरी को भी कई स्कूलों में मिली थी बम की धमकीः इससे पहले 26 फरवरी को शहर के कई स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिले थे, जो बाद में झूठे साबित हुए. इससे पहले जनवरी में बस स्टैंड और कुछ सरकारी इमारतों को भी बम से निशाना बनाने की बात कही गई थी. हर बार जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. इसी तरह की धमकी हाल ही में गुजरात और कोलकाता के पासपोर्ट कार्यालयों को भी मिली थी, जहां जांच के बाद वे भी मात्र अफवाह निकले.

अपील-अफवाहों पर ध्यान न देंः चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अफवाहों पर ध्यान ना दें और शांति बनाए रखें. सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच कर रही हैं और अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश जारी है. चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारियों की ओर से यह कन्फर्म किया गया है कि पासपोर्ट ऑफिस की ऑफिशियल मेल पर धमकी की मेल आयी है. बाकी इससे संबंधित ज्यादा जानकारी के लिए अधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है.

