अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस मुखर, सीबीआई जांच की प्रगति रिपोर्ट मांगी
कांग्रेस ने कहा उनकी पहली मांग है कि सीबीआई जांच की अब तक की प्रगति प्रदेश की जनता के सामने रखी जाए.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 21, 2026 at 7:10 PM IST
देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस एक बार फिर से मुखर हो गई है. विपक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की है. नेताओं ने सवाल उठाया कि मामले में सीबीआई जांच आखिर किस स्थिति में है? यह जानकारी जनता के सामने क्यों नहीं रखी जा रही है? इन सवालों के जवाब मांगे हैं.
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी पहलुओं पर भी अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है. उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों के नाम मामले को लेकर सामने आए, उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्हें कथित तौर पर सुरक्षित रास्ता क्यों दिया गया? नेताओं ने आरोप लगाया कि मामले से जुड़े दो कथित वीआईपी व्यक्तियों में से एक को राजस्थान में पदोन्नति दी गई, जबकि दूसरे को कार्यकाल से हटाए जाने के बावजूद उसके खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है.
कांग्रेस ने कहा उनकी पहली मांग है कि सीबीआई जांच की अब तक की प्रगति प्रदेश की जनता के सामने रखी जाए. साथ ही अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा अंकिता भंडारी के माता-पिता और प्रदेश की जनता को न्याय मिलने तक इस मामले को उठाया जाता रहेगा.
कांग्रेस नेताओं ने यह भी दावा किया कि यदि भविष्य में उनकी सरकार बनती है तो मामले में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा अंकिता हत्याकांड सिर्फ एक परिवार के न्याय का मामला नहीं है बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा सम्मान और भरोसे से जुड़ा गंभीर विषय है. सीबीआई जैसी स्वतंत्र जांच एजेंसी की जांच की प्रगति को लेकर सरकार की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आना अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करता है.
पढ़ें---

