ETV Bharat / state

कानपुर के PSIT कॉलेज में साथी की मौत पर भड़का छात्रों का गुस्सा, जमकर काटा बवाल, PAC तैनात

सुबह कॉलेज खुलने के बाद सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की

PSIT कॉलेज में आक्रोशित छात्रों ने किया जमकर हंगामा
PSIT कॉलेज में आक्रोशित छात्रों ने किया जमकर हंगामा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 25, 2026 at 2:43 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर: संचेडी स्थित PSIT इंजीनियरिंग कॉलेज में एक छात्र की दर्दनाक मौत के बाद जबरदस्त हंगामा और तोड़फोड़ की खबर सामने आ रही है. बुधवार की सुबह कॉलेज खुलने के बाद सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही से छात्र की मौत हुई है. जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की है. प्रखर सिंह, जो PSIT में BCA फाइनल ईयर का छात्र था.

वह अपनी बाइक से कॉलेज के पीछे वाले गेट से बाहर निकल रहा था. इस दौरान प्रखर की बाइक के सामने से एक तेज रफ्तार कार गुजरी, जिससे धूल का भारी गुबार उठा, जिससे उसे सामने कुछ दिखाई नहीं दिया और वह वहां खड़ी एक जेसीबी से जा टकराया.

टक्कर से प्रखर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के तुरंत बाद साथी छात्र प्रखर को कल्याणपुर के बीएमसी हॉस्पिटल ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजन उसे सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल ले गए. जहां मंगलवार की देर रात इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

PSIT कॉलेज में आक्रोशित छात्रों ने किया जमकर हंगामा (ETV Bharat)

बुधवार सुबह प्रखर की मौत की खबर फैलते ही छात्र भड़क गए. छात्रों ने कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. आरोप लगा कि गेट पर तैनात गार्ड्स ने छात्रों के साथ अभद्रता की. इसके बाद गुस्साए छात्र कॉलेज परिसर में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ किए. टेबल और अन्य फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया. मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी की. हालात बेकाबू होते देख कॉलेज मैनेजमेंट ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी.

मौके पर सचेंडी और पनकी थाने की पुलिस फोर्स के साथ PAC को तैनात किया गया है. छात्रों का आरोप है कि कॉलेज कैंपस में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह जानलेवा हादसा हुआ. छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.

मामले पर PSIT के ग्रुप डायरेक्टर प्रो. मनमोहन शुक्ला ने कैंपस के अंदर घटना होने से इनकार किया है. उनका दावा है कि एक्सीडेंट कॉलेज से करीब 200 मीटर की दूरी पर कैंपस के बाहर हुआ था, जिसका कॉलेज के अंदर के निर्माण कार्य से कोई लेना-देना नहीं है।

संचेडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई थी. छात्र को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. रात्रि के समय इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: कानपुर में JCB से टकराकर BCA छात्र की मौत; कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप