ETV Bharat / state

भरतपुर में अवैध शराब बिक्री बंद न होने से भड़कीं महिलाएं, शराब गोदाम में लगाई आग

भरतपुर के रूपवास क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीण नाराज थे. हालांकि, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आग गोदाम संचालक ने खुद लगाई.

शराब गोदाम में आग
शराब गोदाम में आग (ETV Bharat Bharatpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 26, 2026 at 7:03 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भरतपुर: जिले के रूपवास थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर लंबे समय से चली आ रही शिकायतों के बावजूद बिक्री न रुकने से ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा गुरुवार को उग्र रूप ले लिया. रूपवास के जरैला-दौरदा रोड पर खेतों के बीच बने शराब गोदाम में प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने आग लगा दी, जिससे लाखों रुपये की शराब जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई.

अवैध शराब बिक्री का विरोध: बिनउआ और जरैला गांव के बीच स्थित इस गोदाम को लेकर ग्रामीणों में पिछले कई महीनों से भारी असंतोष था. गांववासियों का आरोप है कि बार-बार थाने में शिकायत करने के बावजूद यहां से खुलेआम शराब बेची जा रही थी, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा था. इसी विरोध में गुरुवार को करीब 50 से ज्यादा महिलाएं और पुरुष मौके पर पहुंचे. शुरू में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन कुछ ही देर में भीड़ ने गोदाम के गेट, शटर पर पथराव और लाठियों से तोड़फोड़ शुरू कर दी.

इसे भी पढ़ें- भरतपुरः अवैध शराब बिक्री के 3 ठिकानों पर आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई, भारी मात्रा में शराब बरामद

गोदाम में आग लगाने का आरोप: गोदाम में मौजूद तीन कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले. कर्मचारियों का आरोप है कि भीड़ ने गोदाम के ऊपरी हिस्से में आग लगा दी, जो तेजी से फैल गई और पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया. जिससे गोदाम में रखी लाखों के शराब जल गई. वहीं, कुछ ग्रामीणों ने आग लगाने के आरोप से इनकार करते हुए दावा किया कि आग गोदाम के संचालक पक्ष ने खुद लगाई है. गोदाम सतीश कुमार जैसवाल के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है. आगजनी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.

जांच में जुटी पुलिस: घटना की सूचना मिलते ही रूपवास थाना अधिकारी विनोद मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. सूचना के बाद मौके पर पहंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया. थाना अधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि पुलिस के पहुंचने तक अधिकांश प्रदर्शनकारी मौके से फरार हो चुके थे. थाना अधिकारी ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है. घटना के वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगजनी व तोड़फोड़ में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

इसे भी पढ़ें- अवैध शराब बिक्री के मामले में एक ठेकेदार ने दूसरे का किया अपहरण