ब्रेकअप से नाराज नाबालिग प्रेमी ने किशोरी का गला घोंटा, 17 दिन बाद मिली लाश
आरोपी ने अपनी मां के सामने जुर्म कबूला, जिसके बाद पुलिस को दी गई सूचना.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 7, 2026 at 1:46 PM IST
प्रयागराज: प्रयागराज में नाबालिग प्रेमी ने नाबालिग प्रेमिका की नृशंस हत्या कर दी. प्रेमी ने प्रेमिका का गला दबाकर उसे मार डाला और लाश झाड़ी में फेंक दी. हत्या की वजह दोनों में ब्रेकअप बताई जा रही है. हत्या का खुलासा वारदात के 17 दिन बाद हुआ, जब प्रेमी ने अपनी मां के सामने स्वीकार कर लिया कि उसने ही किशोरी को मार डाला है. इसके बाद मां ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया. उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल किया है.
एसीपी अरुण प्रसाद ने बताया कि प्रेमी (17) बहरिया का रहने वाला है और 11वीं में पढ़ता है. वहीं सरायनायत की प्रेमिका (17) भी 11वीं में ही है लेकिन अलग स्कूल में पढ़ती है. दोनों के बीच एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बीच में कई बार ब्रेकअप होने की बात प्रेमी ने बताई है. पुलिस की पूछताछ में नाबालिग प्रेमी ने बताया कि बीते 20 अप्रैल को दोनों में शक के कारण नोंकझोंक हुई थी.
पुलिस के मुताबिक, शक होने पर प्रेमी ने हत्या करने की ठान ली और नाबालिग प्रेमिका को शारदा सहायक नदी के पास बुलाया. इसी बीच मौका पाकर उसने किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी. फिर लाश नहर के किनारे ठिकाने लगा दी.
किशोरी के घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. कुछ पता नहीं चला तो 20 अप्रैल को नामजद तहरीर पुलिस को दी. पुलिस हरकत में आई और लगातार आरोपी से पूछताछ करती रही, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया. यह बात पूरे गांव में फैलने लगी. इसके बाद प्रेमी ने किशोरी की हत्या करने की बात अपनी मां को बता दी.
यह सुनकर मां के होश उड़ गए. उसने यह बात अपने जानने वाले कुछ अधिवक्ताओं को बताई. फिर मामला पुलिस के पास पहुंचा. इस पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया है. प्रेमी की निशानदेही पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. शारदा सहायक नहर के पास झाड़ियों में प्रेमिका की सड़ी-गली लाश बरामद हो गई है. पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

