नारायणपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं का प्रदर्शन, सरकारी कर्मचारी का दर्जा और वेतन बढ़ोतरी की मांग
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन और विधानसभा घेराव किया जाएगा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 26, 2026 at 4:28 PM IST
नारायणपुर: छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले नारायणपुर जिले भर की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आईं. नारायणपुर के बाजार स्थल में दो दिवसीय धरना प्रदर्शन करते हुए उन्होंने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को बड़ी चेतावनी दी.
छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
नारायणपुर के मुख्य बाजार स्थल में हजारों की संख्या में जुटी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करती नजर आईं. छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के नेतृत्व में आयोजित इस दो दिवसीय धरना प्रदर्शन में जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों से आई महिलाओं ने अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा.
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मुख्य मांगे
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए. साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 26 हजार रुपये और सहायिकाओं को 22 हजार रुपये मासिक वेतन देने की मांग रखी गई है. इसके अलावा दुर्घटना बीमा और भविष्य निधि जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित करने की बात कही गई है.

विधानसभा घेराव की चेतावनी
कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे वर्षों से बेहद कम मानदेय में काम कर रही हैं, जबकि उनसे टीकाकरण, पोषण अभियान, गर्भवती महिलाओं की देखरेख, कुपोषण उन्मूलन और महिला एवं बाल विकास विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाओं को जमीन पर लागू कराने जैसी बड़ी जिम्मेदारियां निभाई जाती हैं. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए जाएंगे, जिससे टीकाकरण और महिला बाल विकास विभाग की योजनाएं प्रभावित होंगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी.

हम अपनी लंबित मांगों को लेकर पूरे छत्तीसगढ़ में प्रदर्शन कर रहे हैं. हम इतना काम करते हैं लेकिन मानदेय काफी कम दिया जाता है. दो दिवसीय प्रदर्शन में हमारी मांगे नहीं मांगी जाएंगी तो 9 मार्च को रायपुर में प्रदर्शन करेंगे -देशान्तरी भद्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अध्यक्ष, नारायणपुर
30 साल से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है. हमें बहुत तकलीफ होती है. एक ही काम के लिए बार बार घर घर जाना पड़ता है. हमें सरकारी कर्मचारी घोषित करें. हमारी मांग नहीं मांगी गई तो रायपुर में विधानसभा घेराव करेंगे- भानमती पटेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
नारायणपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का यह आंदोलन सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है. अब नजर इस बात पर है कि सरकार इन मांगों पर क्या रुख अपनाती है और क्या बातचीत के जरिए समाधान निकलता है या आंदोलन आगे और तेज होता है.


