रामनगर के आनंद सिंह कड़ाकोटी वेटरन अवार्ड से सम्मानित, सेना से रिटायर्ड होने के बाद भी करते हैं समाजसेवा
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद आनंद सिंह कड़ाकोटी समाजसेवा के कार्य में जुटे रहते हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 2, 2026 at 1:49 PM IST
|Updated : March 2, 2026 at 2:00 PM IST
रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे आनंद सिंह कड़ाकोटी को सेना मुख्यालय, मध्य कमान द्वारा प्रतिष्ठित वेटरन अवार्ड से सम्मानित किया गया है. हाल ही में देहरादून में आयोजित एक समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया. आनंद सिंह कड़ाकोटी वर्ष 2010 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे.
आनंद सिंह कड़ाकोटी ने सेना में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के बाद उन्होंने समाजसेवा को ही अपना ध्येय बना लिया. सेवानिवृत्ति के पश्चात वे लगातार पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सक्रिय रहे हैं. वर्तमान में आनंद सिंह कड़ाकोटी सैनिक संगठन के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं. उनके नेतृत्व में संगठन ने कई सामाजिक और जनकल्याणकारी पहलें की हैं. पूर्व सैनिकों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना, उन्हें पेंशन और अन्य सुविधाओं से संबंधित मार्गदर्शन देना तथा आपदा या संकट की घड़ी में सहयोग करना उनके कार्यों की प्रमुख विशेषता रही है.
सेना मुख्यालय, मध्य कमान द्वारा दिया गया यह वेटरन अवार्ड उन पूर्व सैनिकों को प्रदान किया जाता है, जो सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज में अनुकरणीय योगदान देते हैं. आनंद सिंह कड़ाकोटी का यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण का प्रतीक है, बल्कि रामनगर और पूरे क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात है. उनके इस सम्मान से क्षेत्र में खुशी की लहर है. स्थानीय लोगों और पूर्व सैनिकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, अनुशासन और समर्पण की मिसाल है. सेना से वर्दी उतारने के बाद भी उनका जज्बा और देशभक्ति समाज की सेवा के माध्यम से लगातार दिखाई दे रही है.
पढ़ें-उत्तराखंड की हर्षिता को मिला नेशनल प्रेस्टीज अवॉर्ड, तुषार कपूर ने किया सम्मानित

