ETV Bharat / state

फरीदाबाद में NH-19 पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कई वाहनों को मारी टक्कर, कई लोग घायल, चालक हिरासत में

मथुरा रोड हाईवे पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कहर मचाते हुए कई वाहनों में टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. हादसे में कई लोग घायल हो गए.

ROAD ACCIDENT IN FARIDABAD
मथुरा रोड हाईवे हादसे में कई घायल (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 19, 2025 at 5:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबादः मथुरा रोड हाईवे (NH-19) पर गुरुवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो ने बल्लभगढ़ से लेकर ओल्ड फरीदाबाद तक सड़क पर कहर मचाया. इस दौरान स्कॉर्पियो ने कई वाहनों में टक्कर मारी, जिसमें कई लोग घायल हो गए. टक्कर के कारण एक महिंद्रा थार, एक मर्सिडीज सहित कई वाहनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. स्कॉर्पियो पर नंबर प्लेट नहीं था, पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया. वहीं चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है.

बल्लभगढ़ से शुरू हुआ टक्करों का सिलसिलाः प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक घटना की शुरुआत बल्लभगढ़ फ्लाईओवर के पास से हुई. काले रंग की स्कॉर्पियो काफी तेज रफ्तार में दिल्ली की तरफ जा रही थी. चालक ने पहले बल्लभगढ़ में दो वाहनों को साइड से टक्कर मारी. जब लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने रफ्तार और बढ़ा दी. भागने की क्रम में वह अजरौंदा और बाटा चौक पर भी वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया.

फरीदाबाद में अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कई वाहनों को मारी टक्कर (Etv Bharat)

ओल्ड मेट्रो स्टेशन के सामने भीषण टक्करः जैसे ही यह बेलगाम स्कॉर्पियो ओल्ड फरीदाबाद मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने पहुंची अनियंत्रित होकर आगे चल रही एक महिंद्रा थार और साइड में चल रही एक मर्सिडीज कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि थार डिवाइडर पर चढ़ गई और मर्सिडीज का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीचों-बीच रुक गई.

भीड़ ने चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कियाः हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. गुस्साए लोगों ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़ लिया, जिसे बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हादसे के कारण दिल्ली-आगरा हाईवे (मथुरा रोड) पर ओल्ड फरीदाबाद से लेकर बाटा चौक तक ट्रैफिक स्लो हो गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त थार, मर्सिडीज और स्कॉर्पियो को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू किया. वहीं घायलों को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

क्या बोले पुलिस अधिकारीः डायल 112 के ड्यूटी ऑफिसर ने बताया कि "अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने आगे चल रही एक महिंद्रा थार और साइड में चल रही एक मर्सिडीज कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि थार डिवाइडर पर चढ़ गई और मर्सिडीज का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे में अभी तक 4 लोगों के घायल होने की जानकारी है."

ये भी पढ़ेंः- चीखपुकार! चरखी दादरी सड़क हादसा, 11वीं की छात्रा की मौत, 20 बच्चे घायल, रोडवेज से टकराई स्कूल बस के उड़े परखच्चे