अमरोहा में परिजनों को नींद की गोली खिलाकर प्रेमी संग फुर्र हो गई विवाहिता, 4 साल की बेटी को भी ले गई साथ
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव का मामला. ग्रामीण कर रहे अप्रैल 2008 में हुए 'बावनखेड़ी कांड' की घटना से तुलना.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 2:00 PM IST
अमरोहा : हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव में सोमवार देर रात हुई सनसनीखेज घटना ने सभी को अचंभे में डाल दिया है. प्रेम प्रसंग के चलते एक विवाहिता ने पहले परिवार के सभी लोगों को रात के खाने में नशीली गोलियां खिलाकर बेहोश कर दिया. इसके बाद अपनी चार वर्षीय बेटी को साथ लेकर प्रेमी संग भाग गई. मंगलवार सुबह लोगों को जानकारी हुई तो गांव में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गईं. हालांकि मामला पुलिस में पहुंचने के बाद जांच शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें : प्रेम की सनक में पूरे परिवार की हत्या करने वाली शबनम को फांसी न देने की राज्यपाल से गुहार, ये है दलील
बताया गया कि हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी. उसके चार साल की बेटी भी है. पारिवारिक विवाद के चलते वह पिछले लगभग दो माह से अपने मायके में रह रही थी. इसी दौरान उसका गांव के ही एक शादीशुदा युवक से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. युवती के परिजनों के अनुसार सोमवार रात युवती ने घर में बने भोजन में कथित रूप से नींद की गोलियां मिला दीं. खाना खाने के बाद परिवार के सभी लोग गहरी नींद में शो गए. इसी बीच युवती अपनी बेटी को लेकर प्रेमी युवक के साथ घर से फरार हो गई.
मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंची हसनपुर कोतवाली पुलिस ने सभी अचेत लोगों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां होश में आने पर परिजनों ने पुलिस को आपबीती बताई. वहीं घटना के बाद गांव में तरह तरह की चर्चा है. ग्रामीण इस घटना की तुलना चर्चित 'बावनखेड़ी कांड' से कर रहे हैं. हालांकि दोनों मामलों की परिस्थितियां अलग-अलग हैं. इस मामले में किसी की मृत्यु नहीं हुई है.
हसनपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि बेहोश मिले युवती के परिजनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. सभी हालत खतरे से बाहर है. मामला प्रेम प्रसंग का है. प्राथमिक जांच के अनुसार विवाहित युवती किसी युवक के साथ चली गई है. युवक की पहचान कर ली गई है. उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : पति को किडनी बेचने को किया मजबूर, फिर 10 लाख रु. लेकर प्रेमी संग फरार हुई महिला
यह भी पढ़ें : आगरा में ससुराल से मायके आई नवविवाहिता प्रेमी के साथ फरार, 2 हफ्ते पहले हुई थी शादी

