अमरोहा में सभासद को जेल भेजे जाने पर भड़के भाजपा नेता, पूर्व विधायक समेत बड़ी संख्या में नेताओं ने दिया धरना
मंडी धनौरा नगर पालिका की नामित पार्षद सीमा देवी के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 8:10 AM IST
अमरोहा : मंडी धनौरा तहसील में रविवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब भाजपा की नामित सभासद सीमा देवी को जेल भेजे जाने की कार्रवाई के विरोध में भाजपा नेताओं, सभासदों और कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में धरना शुरू कर दिया. इस दौरान पुलिस प्रशासन और तहसील प्रशासन पर भाजपा कार्यकर्ताओं की अनदेखी तथा भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए.
बता दें, मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के कैसरा गांव में संपत्ति विवाद और ट्रैक्टर दिलाने की मांग को लेकर विधवा सरोज देवी ने पानी की टंकी पर चढ़ कर हंगामा किया था. बीते शनिवार को हुई घटना के दौरान पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी की टंकी पर चढ़ी सरोज देवी को नीचे उतारा था.
बताया जा रहा कि इसी दौरान मौके पर पहुंची उसकी ननद और नगर पालिका की नामित सभासद सीमा देवी ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया. इस पर पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की. रविवार को एसडीएम न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया. इसकी जानकारी होते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया.
रविवार को पूर्व विधायक हरपाल सिंह, हसनपुर भाजपा चेयरमैन राजपाल सैनी, मंडी धनौरा भाजपा चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभिनव कौशिक, भाजपा नेता शरद गर्ग समेत मंडी धनौरा नगर पालिका के तमाम सभासद और भाजपा कार्यकर्ता तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए. धरने के दौरान नेताओं ने पुलिस और तहसील प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए. कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है.
धरने के दौरान भाजपा सभासदों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई. मामले में मंडी धनौरा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भी भाजपा नेताओं और सभासदों के समर्थन में सामने आ गए हैं. सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पालिका सभासद के खिलाफ की गई कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो वे कामकाज ठप करने का निर्णय ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें : अलीगढ़: 23 फरवरी को हुई हिंसा के आरोप में भाजपा नेता को पुलिस ने भेजा जेल
यह भी पढ़ें : बुलंदशहर: बीजेपी नेता को भतीजे की हत्या के आरोप में भेजा जेल

