बीजेपी के पलामू जिला अध्यक्ष बने अमित तिवारी, पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में निर्विरोध चुने गए
अमित तिवारी को निर्विरोध पलामू जिला अध्यक्ष घोषित किया गया. वह तीसरी बार यह कार्यभार संभालेंगे.

Published : January 10, 2026 at 11:04 AM IST
पलामूः अमित तिवारी भारतीय जनता पार्टी के पलामू जिला अध्यक्ष चुन लिए गए हैं. वह तीसरी बार बीजेपी के पलामू जिला अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभालेंगे. अमित तिवारी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपनी राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी. पलामू के जिला अध्यक्ष पांकी विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं.
अमित तिवारी को बनाया गया जिला अध्यक्ष
शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में पार्टी के चुनाव पर्यवेक्षक कोडरमा विधायक नीरा यादव, सह चुनाव पर्यवेक्षक रमाकांत महतो के द्वारा अमित तिवारी को निर्विरोध जिला अध्यक्ष घोषित किया गया.
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से बीजेपी के पलामू जिला अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बातचीत चल रही थी. गुरुवार की दोपहर 12 बजे जिला अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया की गई. जिला अध्यक्ष के लिए मात्र अमित तिवारी की ओर से नामांकन किया गया, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध घोषित कर दिया गया. इस दौरान पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम, पूर्व सांसद मनोज कुमार, पूर्व विधायक पुष्पा देवी, पूर्व मेयर अरुणा शंकर समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद थे.
सबकी सहमति से जिला अध्यक्ष चुना गया: नीरा यादव
चुनाव पर्यवेक्षक कोडरमा विधायक नीरा यादव ने कहा कि अमित तिवारी को निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना गया है. रायशुमारी के दौरान जो नाम आया है, उसका चयन किया गया है. बहुत सारे कार्यकर्ता इस पद का निर्वहन करने के लिए सक्षम थे. अंत में सबकी सहमति से अमित तिवारी को पार्टी का जिला अध्यक्ष बनाया गया है.
ये भी पढ़ें:

