ETV Bharat / state

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा रद्द, जानें क्या है वजह?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा रद्द हो गया है. उन्हें आज SSB के 62वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने था.

UNION HOME MINISTER AMIT SHAH
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (File Photo)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 20, 2025 at 1:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा रद्द हो गया है. उन्हें आज सहस्त्र सीमा बल (SSB) प्रशिक्षण केंद्र, सपड़ी में 62वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने था. लेकिन खराब मौसम के चलते उनका दौरा रद्द कर दिया गया है. हालांकि अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि जारी नहीं की गई है, लेकिन मौसम को ही दौरा रद्द होने की मुख्य वजह माना जा रहा है.

खराब मौसम बना दौरा रद्द होने की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का शुक्रवार देर रात चंडीगढ़ पहुंचने का कार्यक्रम था. यहां से उन्हें हवाई मार्ग के जरिए हिमाचल प्रदेश के ज्वालामुखी स्थित SSB प्रशिक्षण केंद्र सपड़ी जाना था. लेकिन कोहरे व धुंध के कारण गृह मंत्री चंडीगढ़ नहीं पहुंच पाए. समय की कमी और मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए उनका हिमाचल दौरा रद्द कर दिया गया.

SSB के 62वें स्थापना दिवस में थे मुख्य अतिथि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहस्त्र सीमा बल के 62वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने वाले थे. कार्यक्रम को लेकर प्रशिक्षण केंद्र सपड़ी में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी. कई मार्गों को डायवर्ट किया गया था और हवाई गतिविधियों पर भी अस्थायी रूप से रोक लगाई गई थी.

Amit Shah Himachal Visit Cancelled
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा रद्द (@JairamThakur)

CM सुक्खू और अन्य नेता भी नहीं होंगे शामिल

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शामिल होने की भी योजना थी, लेकिन गृह मंत्री का दौरा रद्द होने के बाद अब मुख्यमंत्री भी समारोह में भाग नहीं लेंगे. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं. इसके अलावा गृह मंत्री के स्वागत के लिए भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी ज्वालामुखी पहुंचे हैं.

SSB डीजी करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता

अब SSB के महानिदेशक संजय सिंघल स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे. परेड का नेतृत्व 2006 बैच के SSB कमांडेंट संजीव कुमार करेंगे, जबकि 2012 बैच की सहायक कमांडेंट नैंसी सिंगला भी परेड का हिस्सा रहेंगी.

59 वीर जवानों को किया जाएगा सम्मानित

इस अवसर पर सहस्त्र सीमा बल के 59 वीर जवानों को सम्मानित किया जाए. इनमें उप महानिरीक्षक, सहायक कमांडेंट, निरीक्षक, उप निरीक्षक और मुख्य आरक्षी शामिल हैं. जवानों को वीरता पदक, राष्ट्रपति वीरता पदक और राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा दिवंगत मुख्य आरक्षी रवि शर्मा की पत्नी रजनी शर्मा को भी मरणोपरांत वीरता पदक प्रदान किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: हिमाचल आने से पहले जान ले ये खबर, वरना 'स्नोलैंड' घूमने का सपना रह जाएगा अधूर!