ETV Bharat / state

हीटवेव के बीच डीटीसी ने शुरू की 'जलदूत' पहल, यात्रियों को मुफ्त पीने का पानी कराया जा रहा उपलब्ध

पिछले साल इस पहल को जबरदस्त सराहना मिली थी, जिसे देखते हुए सरकार ने इस पहल को इस साल भी जारी रखा है.

गर्मी में यात्रियों का रखा जा रहा ध्यान, यात्रियों को किया जा रहा पीने के पानी का वितरण
गर्मी में यात्रियों का रखा जा रहा ध्यान, यात्रियों को किया जा रहा पीने के पानी का वितरण (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : May 1, 2026 at 8:27 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली हीटवेव एक्शन प्लान के तहत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के निर्देशों के अनुपालन करते हुए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने दिल्ली 'जलदूत' पहल शुरू की है. इसके तहत 23 प्रमुख बस टर्मिनलों पर तैनात 'जलदूत', यात्रियों और राहगीरों को मुफ्त पीने का शीतल पानी उपलब्ध करा रहे हैं.

इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों विशेष रूप से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को गर्मी से राहत पहुंचाना है. 'जलदूत' पहल को पिछले साल दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर पहली बार शुरू किया गया था, जिसे राजधानी की जनता से जबरदस्त सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी. इस पहल ने भीषण गर्मी और हीटवेव के दौरान नागरिकों को काफी राहत पहुंचाई थी, जिससे संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और ज्यादा मजबूत हुई. इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी इस पहल को और अधिक मजबूत किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंच सके.

इसके अतिरिक्त लगभग 3000 डीटीसी बसों में भी मुफ्त पीने का पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे यात्रियों को पूरे सफर के दौरान सुचारू रूप से पेयजल की सुविधा मिल सके. दिल्ली सरकार की यह पहल प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के दौरान डीटीसी की जनसेवा और यात्रियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. दिल्ली परिवहन निगम ने सभी बस यात्रियों से अपील की है कि वे हीटवेव के दौरान बेहद सतर्क रहें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और दोपहर के समय तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें.

भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों की सेवा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. 'जलदूत' पहल के माध्यम से हम दिल्ली के यात्रियों को तत्काल राहत और आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हीटवेव के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतें- डॉ. पंकज कुमार सिंह, परिवहन मंत्री

यह भी पढ़ें-

घाटे से मुनाफे की ओर दिल्ली परिवहन निगम, आय में 173 करोड़ रुपए की वृद्धि: परिवहन मंत्री

पिंक कार्ड पर ‘1 घंटे गैप’ का सच: जमीनी पड़ताल में दावा निकला भ्रम, बिना रुकावट जारी है मुफ्त सफर