इलेक्ट्रिक बसें चलने लगी, लेकिन चॉर्जिंग कैसे होगी ?, अंबाला में 15 बसों के लिए मात्र 2 चार्जिंग पॉइंट
अंबाला बस स्टैंड में 15 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए सिर्फ दो चार्जिंग प्वाइंट रहने के कारण चार्जिंग में समस्या हो रही है.

Published : February 18, 2026 at 8:36 PM IST
अंबालाः हरियाणा सरकार की ओर से रोडवेज के आधुनिकीकरण के दावे भले ही बड़े-बड़े हों, लेकिन अंबाला बस अड्डे की जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है. शहर में चल रही 15 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए फिलहाल सिर्फ दो चार्जिंग स्टेशन हैं, जिससे संचालन में भारी दिक्कतें सामने आ रही हैं. रोडवेज कर्मी और चार्जिंग स्टेशन लगाने की मांग कर रहे हैं.
एक बस के चार्जिंग में लगता है 50 से 60 मिनट का समयः हरियाणा सरकार प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए ई-बसों के संचालन पर जोर दे रही है. इसके लिए अंबाला में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है लेकिन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर अभी भी अधूरा है. जानकारी के मुताबिक, करीब छह महीने बीत जाने के बावजूद तीसरा चार्जिंग स्टेशन अब तक स्थापित नहीं हो पाया है. मौजूदा हालात यह है कि 15 इलेक्ट्रिक बसों को सिर्फ दो चार्जरों के भरोसे चलाया जा रहा है. एक बस को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 50 से 60 मिनट लगते हैं, ऐसे में सभी बसों को दिन-रात शिफ्टों में बारी-बारी से चार्ज करना पड़ रहा है. विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि नए चार्जिंग प्वाइंट के लिए पहले अल्टरनेटिंग करंट डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स पैनल लगाना जरूरी है, लेकिन अब तक इसकी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है.
दो शिफ्टों में होता है बसों का परिचालनः फिलहाल ये इलेक्ट्रिक बसें सुबह 6:30 बजे से रात 8:30 बजे तक दो शिफ्टों में चलाई जा रही हैं. इलेक्ट्रिक बस सेवा अंबाला सिटी, अंबाला छावनी, बराड़ा और यमुनानगर रूट पर यात्रियों को सेवा दे रही हैं. लेकिन अगर जल्द ही तीसरे चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था नहीं हुई, तो आने वाले समय में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन पर असर पड़ सकता है और यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है. फिलहाल इन ई-बसों को चलाने वाले ड्राइवर और रोडवेज यूनियन से जुड़े कर्मचारी और चार्जिंग स्टेशन लगाने की मांग कर रहे हैं.
तीसरा चार्जिंग प्वाइंट लगेगाः बसों के लिए लगाए गए दो चार्जिंग प्वाइंट अभी 15 इलेक्ट्रिक बसों का भार ढो रहे हैं जिसके कारण परेशानी हो रही है. अंबाला रोडवेज के जीएम अश्वनी डोगरा ने कहा है कि "तीसरा चार्जिंग प्वाइंट बनाने का प्रोपोजल सरकार को भेज रखा है. जल्द ही एक कम्पनी द्वारा तीसरा चार्जर भी लगा दिया जाएगा जिससे लोड कम हो जाएगा."

