अंबाला के अनुज ने रंगों से लिखी सफलता की कहानी, नेशनल पेंटिंग प्रतियोगिता में पाया पहला पुरस्कार, राष्ट्रपति से मिला सम्मान
अंबाला के छात्र अनुज ने नेशनल पेंटिंग प्रतियोगिता जीतकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सम्मान पाकर शहर का नाम रोशन किया है.

Published : December 18, 2025 at 2:50 PM IST
अंबाला: अंबाला के लाल अनुज ने नेशनल पेंटिंग प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार हासिल किया है. जीत के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अनुज को सम्मानित किया. इस उपलब्धि के बाद अनुज के परिवार में खुशी का माहौल है. परिवार वाले अनुज पर गर्व महसूस कर रहे हैं.
नेशनल अवॉर्डी हैं अनुज के टीचर: दरअसल, अनुज अंबाला के एक निजी स्कूल में 11वीं का छात्र है. पिछले तीन सालों से पेंटिंग में अपनी प्रतिभा निखार रहा है. पिछले एक साल से अनुज ने स्कूल के नेशनल अवॉर्डी आर्ट टीचर, गुरु मोहन धीमान, से पेंटिंग सीखकर अपनी कला को और आगे बढ़ाया. लगभग एक महीने की कड़ी मेहनत के बाद बनाई गई पेंटिंग ने प्रतियोगिता में अनुज को प्रथम स्थान दिलाया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद अनुज अपने स्कूल पहुंचा, जहां स्कूल मैनेजमेंट और प्रिंसिपल ने उनका जोरदार स्वागत किया.
पिता बोले- "ये हमारे लिए खास पल": अपनी जीत को लेकर विजेता अनुज ने कहा कि, "मेरे लिए ये बहुत गर्व की बात है कि मैंने नेशनल लेवल प्रतियोगिता में जीत हासिल की. आगे भी मैं मेहनत करके और मेडल लाना चाहता हूं." वहीं, अनुज के पिता ने कहा कि, "हमारे लिए यह पल बहुत खास है. अनुज की मेहनत और लगन ने उसे ये मुकाम दिया. हम उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना करते हैं."
प्रिंसिपल बोले- "अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है अनुज": इसके साथ ही अनुज के स्कूल मैनेजमेंट सदस्य ने कहा, "अनुज की उपलब्धि पर हमें गर्व है. इसी तरह के छात्र आगे भी स्कूल का नाम रोशन करते रहेंगे." अनुज की प्रिंसिपल ने कहा कि, "अनुज की मेहनत और लगन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है. हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और उन्हें हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध हैं."
बता दें कि अनुज की सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे अंबाला शहर के लिए गर्व का विषय बन गई है. उनके काम और लगन से यह साबित होता है कि मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन से कोई भी युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला और प्रतिभा का लोहा मनवा सकता है.
ये भी पढ़ें: अमेरिका भेजने का झांसा देकर ग्वाटेमाला में छोड़ा युवक, किसान से ठगे 43 लाख, जमीन बेचकर विदेश भेजा था बेटा

