दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर बढ़ रहे ओवर स्पीडिंग के मामले, एक लाख से ज्यादा वाहनों पर लगाया चालान
यातायात नियमों की अवहेलना करने पर पुलिस ने अलवर शहर में एक लाख से ज्यादा वाहनों पर जुर्माना भी लगाया है.

Published : January 1, 2026 at 3:12 PM IST
अलवर : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लगातार बढ़ रहे ओवर स्पीडिंग के मामले बड़ी चिंता के साथ सड़क हादसों का कारण बनने लगे हैं. वाहनों की तेज रफ्तार और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान नींद की झपकी सड़क हादसों की बड़ी वजह रही है. हालांकि, एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अलवर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए ओवर स्पीड में वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा के नियमों की पालना नहीं करने वाले 29 हजार से ज्यादा वाहन चालकों के चालान किए हैं. नियमों की पालना कराने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तीसरी आंख की नजर भी वाहन चालकों पर रहती है. इतना नहीं यातायात नियमों की अवहेलना करने पर पुलिस ने अलवर शहर में एक लाख से ज्यादा वाहनों पर जुर्माना भी लगाया है.
यातायात पुलिस प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यातायात पुलिस की ओर से तय गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. वाहनों की स्पीड की मॉनिटरिंग के लिए एक्सप्रेस वे पर अलवर यातायात पुलिस के इंटरसेप्टर वाहन लगातार निगरानी करते रहते हैं. इंटरसेप्टर वाहन में लगी स्पीड गन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर चलने वाली गाड़ियों की गति पर निगरानी रखती हैं और निर्धारित अधिकतम गति से ज्यादा स्पीड पर चलने वाले वाहनों के चालान कर आनलाइन वाहन चालकों को भेजे जा रहे हैं. यातायात पुलिस प्रभारी शर्मा ने बताया कि ऑटोमैटिक चालान प्रणाली के जरिए ओवर स्पीड और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर वर्ष 2025 में 29 हजार से ज्यादा वाहनों के चालान काटे जा चुके हैं. इसके अलावा अलवर पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर लेन सिस्टम का उल्लंघन करने पर 684 वाहन चालकों के चालान किए हैं.
पढ़ें. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, पिकअप में आग लगने से तीन लोग जिंदा जले
अत्याधुनिक कैमरों से रखते हैं वाहनों की गति पर निगरानी : एनएचएआई सोहना प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रदीप कुमार कौशिक ने बताया कि एनएचएआई की ओर से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर कार और जीप जैसे हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है. वहीं, बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटा की सीमा निर्धारित है. एक्सप्रेस वे पर सड़क सुरक्षा नियमों की पालना के लिए जगह-जगह पर अत्याधुनिक कैमरे और वाहनों की गति पर निगरानी के लिए स्पीड मीटर लगाए गए हैं. ये स्पीड मीटर एक्सप्रेस वे पर वाहन की स्पीड बताते हैं, जिससे वाहन चालक अपने वाहन की गति नियंत्रित रख सकें.

पढे़ं. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसा: तीन दिन पहले खरीदी SUV मॉडिफाई करा लौटते समय पलटी, एक की मौत
सुबह के समय वाहनों के दुर्घटना की रहती है आशंका : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर वाहन दुर्घटनाओं के ज्यादातर हादसे देर रात और सुबह के समय होते हैं. इसका कारण है कि रात 12 बजे के बाद और सुबह के शुरुआती घंटों में वाहन चालकों को कई बार नींद की झपकी आ जाती है, जिससे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा रहता है. वहीं, सर्दियों में घने कोहरे के दौरान वाहन दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने पिछले दिनों एनएचएआई को प्रस्ताव भेजकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के अलवर जिले से गुजरने वाले करीब 73 किलोमीटर क्षेत्र में वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 से कम करने को कहा है.

पढे़ं. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार वोल्वो बस , एक की मौत, 31 घायल
सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना पर चालान : यातायात पुलिस अलवर के प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि अलवर शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों की पालना नहीं करने पर एक लाख से अधिक वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया है. इनमें बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, रेड लाइट जंप, ओवर स्पीडिंग, डिंक एंड डाइव और गलत पार्किंग में वाहन खड़े करने आदि मामले शामिल हैं.
पढ़ें. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: आश्रम से लौट रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने रौंदा, 4 की मौत
सड़क दुघटनाओं में जा चुकी कई लोगों की जान : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे वर्ष 2025 में ओवर स्पीड एवं सड़क सुरक्षा नियमों की पालना नहीं करने के कारण अनेक वाहनों को दुर्घटना का शिकार होना पड़ा, जिसमें कई निर्दोष लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है. इन गंभीर हादसों में 17 दिसंबर 2025 की देर रात रैणी थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 131.5 के पास दिल्ली से जयपुर जा रही पिकअप अज्ञात वाहन से टकरा गई. इससे पिकअप में सवार तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई. 16 नवंबर 2025 को चैनल नंबर 107+000 नैनापुर के पास चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी, जिसमें कई लोग घायल हो गए.

पढे़ं. दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन के चलते गिरा मलबा व पत्थर, कई ट्रेनें हुईं लेट
पूर्व विधायक की पत्नी की मौत : इसी तरह 25 नवंबर 2025 को पिनान थाना क्षेत्र में इंटरचेंज की पुलिया पर अहमदाबाद से दिल्ली जा रही बस एक ट्रक से टकरा गई. इस दुर्घटना में 31 यात्री घायल हुए और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इसी तरह 12 अगस्त को राजगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने पुलिस वैन को टक्कर मार दी, जिसमें चार पुलिसकर्मियों सहित आठ लोग घायल हो गए. वहीं, 20 अगस्त को रैणी थाना क्षेत्र में जयपुर से दिल्ली जा रही स्लीपर बस चालक को नींद की झपकी आने से कंटेनर से जा टकराई, जिसमें दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए. इसके अलावा पूर्व विधायक मानवेन्द्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह की एक्सप्रेस वे पर हुई कार दुर्घटना में मौत हो गई.
पढ़ें. पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, हादसे में पत्नी चित्रा सिंह का निधन


