अलवर जिला अस्पताल में टला बड़ा हादसा, ICU के बाथरूम की छत गिरी
हादसे के कारणों की जांच कर पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम जिला प्रशासन व अस्पताल प्रशासन को अवगत कराएगी. यहां पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं...

Published : January 5, 2026 at 5:06 PM IST
अलवर: जिले के सबसे बड़े अस्पताल राजीव गांधी चिकित्सालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के आईसीयू यूनिट के बाथरूम की अचानक गिर गई. गनीमत रही कि उस दौरान बाथरूम में कोई मरीज या स्टाफ मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया. घटना की सूचना पर जिला अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा और पीडब्ल्यूडी विभाग को घटना से अवगत कराया. इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने सभी मरीजों को दूसरे आईसीयू यूनिट में सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया.
अलवर जिला अस्पताल के पीएमओ डॉक्टर सुनील चौहान ने बताया कि अस्पताल के मेडिकल आईसीयू यूनिट के बाथरूम की छत गिरने की सूचना मिली. इस पर तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी जुटाई. उन्होंने बताया कि अस्पताल के जिस क्षेत्र में हादसा हुआ, उस जगह किसी तरह की सीलन व टूट-फूट दिखाई नहीं दी. उन्होंने बताया कि इस हादसे में कोई हानि नहीं हुई. घटना के बाद आईसीयू में भर्ती मरीजों को दूसरे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है. पीएमओ चौहान ने बताया कि इस संबंध में तुरंत पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई, जिस पर वे भी मौके पर पहुंचे.
पढ़ें : अलवर जिला अस्पताल में बनेगा नेत्र विभाग का नया भवन, तैयार होंगे आधुनिक सुविधाओं से लैस ऑपरेशन थिएटर
पीएमओ सुनील चौहान ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच कर पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम जिला प्रशासन व अस्पताल प्रशासन को अवगत कराएगी. उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल भवन की जांच कर जरूरत वाले स्थानों की मेंटेनेंस के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को पहले भी अवगत कराया गया था. घटना के बाद फिर से पूरे अस्पताल को चेक करने के लिए लिखा गया है. उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में किसी भी क्षेत्र में यदि मरम्मत की जरूरत होगी तो तुरंत पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से उसे दुरुस्त कराया जाएगा.
पूर्व में भी हो चुकी इस तरह की घटना : सोमवार को जिला अस्पताल के मेडिकल यूनिट आईसीयू में बाथरूम की छत गिरने जैसी घटनाएं जिला अस्पताल व शिशु अस्पताल में पूर्व में भी घट चुकी हैं. घटनाओं के बाद जिला प्रशासन व अस्पताल प्रशासन की ओर से संज्ञान लिया गया. हालांकि, इन घटनाओं में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लगातार ऐसे मामले सामने आने से अस्पताल की साख पर सवाल उठते रहे हैं.

