बुजुर्ग को गिराकर थैला लिया, फिर उन्हीं की ज्वेलरी दुकान से किया लाखों का सामान पार
अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम. ज्वेलर की दुकान में 4 लाख की चोरी. जानिए पूरा मामला...

Published : February 25, 2026 at 2:54 PM IST
अलवर: शहर की एनईबी थाना क्षेत्र अंतर्गत मन्ना का रोड स्थित एक ज्वेलर की दुकान पर दो अज्ञात बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने पहले मंगलवार रात करीब 8 बजे बुजुर्ग व्यापारी से चोरी कर उनका थैला लिया. इसके बाद देर रात थैले में रखी चाबी से ज्वेलरी शॉप को खोल, उसमें से लाखों की चोरी कर फरार हो गए. घटना की सूचना देर रात स्थानीय लोगों को लगी. जिस पर ज्वेलरी मलिक को सूचना दी गई. वहीं, घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची.
एनईबी थाने के एएसआई अजय कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की घटना की सूचना मिली, जिस पर जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी जुटाई. उन्होंने बताया कि घटनास्थल के सीसीटीवी वीडियो चेक किए जा रहे हैं, जिससे बदमाशों का पता लगाया जा सके.
वहीं, पीड़ित ज्वेलर ओम प्रकाश ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश बाइक पर आए और उन्हें गिराकर थैला लूटकर ले गए. उन्होंने बताया कि थैले में दुकान की चाबी रखी थी. उन्होंने बताया कि मंगलवार को देर रात उनकी दुकान में चोरी की घटना हुई. इस घटना की सूचना उन्हें देर रात करीब 2 बजे स्थानीय लोगों से मिली.
पढ़ें : जयपुर: शादी समारोह में चोरी, देखिए कैसे नकदी और जेवरात से भरा दुल्हन का बैग ले उड़ा शातिर
देर रात हुई घटना : पीड़ित ज्वेलर ओम प्रकाश ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 2 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी दुकान का ताला तोड़कर युवक दुकान से चोरी कर फरार हो गए. इस सूचना पर वह बेटे के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि उनकी दुकान से 5 ग्राम सोने के जेवर, 1 किलो चांदी चोरी कर ले गए. चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है. फिलहाल, प्रकरण में पुलिस अनुसंधान कर रही है.

